बांदा/पैलानी। लगातार बारिश के कारण मंगलवार की रात दीवार गिरने से दो वृद्ध महिलाओं और बुधवार की सुबह एक छह साल के बच्चे की मौत हो गई।
हादसे के समय दोनों महिलाएं छप्पर के नीचे सो रही थीं। वहीं बच्चा घर के बाहर खेल रहा था। मलबा हटाकर परिजन उन्हें अस्पताल ले गए लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
कोतवाली बबेरू क्षेत्र के गांव सिमौनी निवासी प्यारी (67) मंगलवार की रात को घर के बाहर छप्पर के नीचे सो रही थीं। रात करीब तीन बजे पड़ोसी के कच्चे मकान की दीवार बारिश के कारण छप्पर पर आ गिरी। इससे छप्पर टूट गया और मलबे के साथ प्यारी पर आकर गिरा। शोरगुल होने पर परिजन व पड़ोस के लोग आए और मलबा हटाकर प्यारी को बाहर निकाला और सीएचसी ले गए। जांच के बाद डॉक्टर ने प्यारी को मृत घोषित कर दिया।
वहीं, थाना मरका क्षेत्र के गांव बैरफ के कन्हैया डेरा निवासी महदेइया (60) मंगलवार की रात घर के अंदर छप्पर के नीचे सो रही थीं। रात एक बजे अचानक घर की कच्ची दीवार छप्पर पर गिरी। इससे महदेइया मलबे में दब गई।
परिजन तुरंत वहां पहुंचे और मलबे को हटाकर उसे बाहर निकाला और सीएचसी ले आए। डॉक्टर ने महदेइया को मृत बताया। बबेरू कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक संजय द्विवेदी और थानाध्यक्ष मरका सूबेदार बिंद ने बताया कि दीवार गिरने के कारण हादसा हुआ है।
तीसरा हादसा बुधवार की सुबह थाना पैलानी क्षेत्र के जोगियों की बस्ती में हुआ। बस्ती के निवासी पप्पू गिरी का बेटा आरव उर्फ रुद्र (6) बुधवार की सुबह घर के बाहर खेल रहा था। वहीं पर उसकी मां रश्मि व पड़ोसी ललिता खड़ी थीं। इस दौरान पप्पू के घर की दीवार गिर गई। इसमें आरव मलबे में दब गया जबकि रश्मि व ललिता को चोटें आ गईं।
घरवालों ने तुरंत मलबा हटाया और आरव को निकालकर डाॅक्टर के पास ले गए। डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। इंस्पेक्टर राममोहन राय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
-
फोटो 11- आरव उर्फ रुद्र फाइल फोटो।
फोटो 11- आरव उर्फ रुद्र फाइल फोटो।