समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश देते डीएम हीरा लाल।
- फोटो : अमर उजाला
कार्यों में लापरवाही पर जिलाधिकारी हीरा लाल ने सीएमओ डा.संतोष कुमार, कृषि उप निदेशक एके सिंह और जिला पूर्ति अधिकारी राजीव तिवारी से स्पष्टीकरण तलब किया है। साथ ही विकास कार्यों की गलत रिपोर्टिंग करने वाले कर्मचारी को प्रतिकूल प्रविष्टि के निर्देश दिए गए हैं।
सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में मासिक समीक्षा बैठक में डीएम ने अधिकारियों से कहा कि अपना-अपना विभागवार संपत्ति रजिस्टर अवश्य तैयार करें। डीपीआरओ को निर्देश दिया कि ग्राम स्वराज योजना की वीडियोग्राफी कराकर उन्हें उपलब्ध कराएं। बांदा की तीनों प्रमुख नदियों के किनारे आबाद गांवों का चिह्नींकरण करके वहां नमामि गंगे योजना लागू कराएं। यह भी निर्देश दिया कि हरेक विभाग शासनादेश की प्रति जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराएं।
डीएम ने रबी की फसल के लिए पलेवा को पानी समय से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। खराब नलकूपों को भी तत्काल दुरुस्त कराने को कहा। दीपावली में बिजली और पानी की व्यवस्थाएं चुस्त-दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। बीएसए से कहा कि ठंड में स्कूली बच्चों को गर्म कपड़े उपलब्ध कराएं। स्कूलों में कंप्यूटर के लिए डिमांड पत्र शासन को भेजें। डीएम ने जिला पूर्ति अधिकारी की कार्य प्रणाली पर गहरी नाराजगी जताते हुए उन्हें निर्देश दिया कि गरीबों के राशन का वितरण सही ढंग से होना चाहिए।
आधार कार्ड की फीडिंग और राशन कार्ड के मैच न होने पर जिला पूर्ति अधिकारी से स्पष्टीकरण मांगा। मृदा कार्ड वितरण में ढ़िलाई पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि सभी विभाग अब जेम पोर्टल से ही खरीददारी करें। बैठक में सीडीओ हीरालाल, डीएफओ एमपी गौतम, मनरेगा उपायुक्त आरके मिश्रा, अर्थ एवं संख्याधिकारी संजीव सिंह बघेल आदि उपस्थित रहे।
थाने में फांसी की मजिस्ट्रियल जांच शुरू
बांदा। तिंदवारी थाने में फांसी लगाकर आत्महत्या करने वाले शिवभजन सिंह उर्फ बबलू सिंह के प्रकरण की मजिस्ट्रियल जांच शुरू हो गई है। जिलाधिकारी हीरा लाल ने इसके आदेश दिए हैं। डिप्टी कलेक्टर संदीप कुमार जांच करेंगे। उन्होंने बताया कि इस मामले में कोई भी व्यक्ति लिखित या मौखिक साक्ष्य या बयान देना चाहे तो 14 नवंबर तक उनके कलक्ट्रेट स्थित कार्यालय में दर्ज करा सकते हैं। ब्यूरो