बांदा। ट्रिपल एक्स, अंक सुधार, अनुपस्थित छात्रों के लिए आयोजित हाईस्कूल व इंटर बोर्ड परीक्षा 18 सितंबर से शुरू होंगी। एक कक्ष में 24 से 30 परीक्षार्थी बैठाए जाएंगे। हालांकि, इससे सोशल डिस्टेंसिंग पालन नहीं हो सकेगा। जिले में कुल नौ परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
सभी केंद्र प्रभारियों को मास्क, सैनिटाइजर की व्यवस्था के निर्देश दिए गए हैं। फर्नीचर और सीसीटीवी कैमरे दुरुस्त रखने को कहा गया है। परीक्षा 6 अक्तूबर तक चलेंगी। जनपद में कुल 854 परीक्षार्थियों ने बोर्ड परीक्षा के लिए आवेदन किए हैं।
इनमें हाईस्कूल के 336 परीक्षार्थियों में 274 बालक व 62 बालिका हैं। इंटर में 518 में से 461 छात्र व 57 छात्राएं हैं। ये सभी परीक्षार्थी वे हैं जिनके अंक पत्रों में अंक की बजाए ट्रिपल एक्स दर्शाया गया है। इनके अलावा अनुपस्थित और अंक सुधार वाले भी शामिल हैं।
हाईस्कूल की परीक्षा 12 कार्य दिवसों और इंटर की परीक्षा 15 कार्य दिवसों में होगी। केंद्र प्रभारियों को फर्नीचर, सीसीटीवी कैमरे दुरुस्त कराने, सिटिंग प्लान तैयार करने और मास्क व सैनिटाइजर की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए गए हैं।
कोरोना संक्रमण काल को देखते हुए एक कक्ष में मात्र 24 से 30 परीक्षार्थी ही बैठ सकेंगे। डीआईओएस विनोद कुमार केंद्र प्रभारियों को व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने को कहा गया है।