गल्ले की आढ़त में चोरी की जांच करती पुलिस।
- फोटो : स्रोत : स्वयं
बबेरू। गल्ले की दुकान का ताला तोड़कर चोरों ने दो लाख रुपये का अनाज पार कर दिया। रविवार को सुबह जब दुकानदार दुकान खोलने पहुंचे तो दुकान के ताले टूटे पाए। सूचना पर पुलिस ने मौका मुआयना किया है।
कोतवाली क्षेत्र के देवी नगर शिवाजी चौराहा निवासी आशीष कुमार की सपहाई गुरौली गांव की मेन रोड पर गल्ले की आढ़त है। शनिवार की देर शाम वह दुकान का ताला बंद कर अपने गांव आ गए थे। रविवार को दुकान खोलने जब वह पहुंचे तो दुकान का ताला टूटा पड़ा देखा। अंदर देखने पर 45 बोरी गेहूं व 45 क्विटंल धान जिसकी अनुमानित कीमत दो लाख रुपये है, गायब मिले। गल्ला व्यापारी ने पुलिस को सूचना दी। बबेरू कोतवाल बलराम सिंह ने चौकी इंचार्ज अरविंद मौर्य को मौके पर भेजकर मुआयना कराया। चोरी की रिपोर्ट दर्ज की गई है।