श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व पर कन्हैया की किलकारियों
के लिए घरों से लेकर मंदिरों तक तैयारियाें की धूम है। जन्माष्टमी शनिवार
की आधी रात मनाई जाएगी।
पूर्व संध्या पर शुक्र्रवार को मंदिरों में
साज-सज्जा और घरों में कृष्ण जन्मोत्सव मनाने के लिए मूर्तियों और
झांकियों की सजावट का सिलसिला चलता रहा। कान्हा के लिए हिंडोला, झूले,
कपड़े और अन्य साज-सामग्री की जमकर बिक्री हुई।
पुलिस लाइन स्थित
राधाकृष्ण मंदिर मेें पूर्व संध्या पर रंगोली सजाई गई। श्रीकृष्ण और राधा
की मूर्तियों को आकर्षक साज-सज्जा से नया रूप दिया गया। प्रभारी प्रतिसार
निरीक्षक लक्ष्मी नारायण तिवारी ने बताया कि सभी पुलिस कर्मी और अधिकारी
मिलकर जन्मोत्सव की भव्यता बढ़ाते हैं।
उधर, श्रीकृष्ण जन्मोत्सव
समिति अलीगंज (सेठ जी का हाता) में जन्माष्टमी पर तीन दिवसीय कार्यक्रम
होंगे। शनिवार को श्रीकृष्ण जन्म, चंद्र खिलौना, सुदामा चरित का मंचन।
रविवार को श्याम सगाई, वंशी चोरी, ओरछा के लाला हरदौल नाट्य का मंचन होगा।
सोमवार को कलाकार श्रीकृष्ण वैद्य लीला, माखन चोरी, राजा हरिश्चंद्र
तारावती नाट्य का मंचन करेंगे। आयोजक रामप्रसाद सोनी ने बताया कि भारतीय
गुंजन कला संस्थान बुंदेलखंड मंचन प्रस्तुत करेगा।
उधर,
अयोध्यावासी वैश्य पंचायती राम मंदिर (बन्योटा) में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव
शनिवार से गुरुवार तक चलेगा। शनिवार को शाम श्रीकृष्ण कथा और 12 बजे
श्रीकृष्ण जन्मोत्सव होगा।
रामकिशुन बासू की ओर से प्रसाद वितरण
होगा। रविवार से बुधवार तक रोजाना शाम 5 से रात 9 बजे तक श्रीकृष्ण कथा
होगी। मंगलवार को शाम 4 बजे मंदिर प्रबंध समिति की आम सभा होगी। गुरुवार को
छठी पूजन और रात में प्रतिभा प्रोत्साहन पुरस्कार वितरण समारोह होगा।