युवक की मौत पर जाम लगाए परिजनों को समझाती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
स्कार्पियो से कुचलकर युवक की मौत के मामले में परिजनों ने इसे हत्या का मामला बताते हुए शव रखकर बांदा-बहराइच स्टेट हाईवे पर जाम लगा दिया। कहा कि पांच लोग घर से लिवा ले गए और शराब पिलाकर वाहन से कुचलकर मार डाला। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खत्म कराया।
शहर कोतवाली अंतर्गत शिवलोचन पुरवा (मवई) गांव का भोला यादव (19) पुत्र शिवगोपाल मवई बाईपास के पास चाय की दुकान किए था। पिता शिवगोपाल और भाई छुट्टन यादव ने बताया कि बुधवार की रात पड़ोसी गांव बड़ोहरा के युवकों द्वारा फोन करके भोला को कालूकुआं के पास स्थित शराब की दुकान में बुलाया। यहां उसे शराब पिलाई। वापस बाइक पर घर लौटते समय आरोपियों ने भोला को काले रंग की स्कार्पियो से उसे कुचल दिया।
आसपास के लोगों ने स्कार्पियो का पीछा किया। लेकिन वह भाग निकली। रात करीब साढ़े 11 बजे मवई बुजुर्ग गांव निवासी युवक ने उसके घर आकर बताया कि भोला का एक्सीडेंट हो गया। उधर, घायल भोला को यूपी-100 पुलिस ने मंडी समिति बाईपास से जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां से उसे कानपुर रेफर कर दिया गया। परिजन कानपुर ले गए वहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
गुरुवार को सुबह कानपुर से शव लेकर लौटे परिजनों ने पॉलीटेक्निक के पास मुख्य सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। पांच युवकों को नामजद करते हुए कहा कि इन पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज की जाए। यह भी बताया कि तीन दिन पूर्व आरोपियों ने पैसे के लेन-देन को लेकर भोला के साथ मारपीट की थी। लगभग पौन घंटे जाम से आवागमन ठप हो गया। एसएसआई पीके सिंह व कृषि विश्वविद्यालय चौकी प्रभारी प्रमोद सिंह और पुलिस फोर्स पहुंच गया। चौकी प्रभारी ने तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खत्म कराया। कोतवाली प्रभारी एके सिंह का कहना है कि प्रथम दृष्टया सड़क दुर्घटना का मामला है।