चित्रकूटधाम मंडल के चारों जिलों की लगभग 45 लाख की आबादी की सेहत दुरुस्त रखने की जिम्मेदारी लेने वाले सरकारी अस्पताल खुद ही बीमार हैं। यहां के सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी है।
मंडल के चारों जिलों में करीब 50 फीसदी डाक्टरों की कमी है। स्वास्थ्य विभाग आए दिन शासन के आला अफसरों को इस संकट से अवगत करा रहा है, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकल रहा। इन्हीं सब के चलते अब प्रशासनिक कार्यों में तैनात डाक्टर भी मोर्चों पर उतरकर पीड़ित मरीजों का इलाज करने में जुट गए हैं। इसकी जीती जागती बानगी हैं अपर निदेशक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा डॉ. ओंकारनाथ कौशल। इसके अलावा अन्य प्रशासनिक कार्यों में तैनात विशेषज्ञ डाक्टर भी लोगों का इलाज कर रहे हैं।
चित्रकूटधाम मंडल में 557 डाक्टरों के पद सृजित हैं, लेकिन तैनाती मात्र 283 की है। इसमें भी कई अवकाश पर हैं। बताया जाता है कि जिला मुख्यालय से लेकर ब्लाक और गांवों में स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में तकरीब 274 डाक्टर कम हैं। खास बात यह भी है कि डाक्टरों की इतनी बड़ी कमी पहले नहीं रही। मौजूदा सरकार में यह संकट ज्यादा गहरा गया है। हालांकि, सांसद से लेकर विधायक तक सत्तारूढ़ दल के ही हैं।
कुछ जनप्रतिनिधियों ने यह मुद्दा विधानसभा में भी उठाया, लेकिन डाक्टरों की कमी जस की तस अभी भी बनी हुई है। डाक्टरों की कमी से सबसे ज्यादा मंडल मुख्यालय बांदा जिला जूझ रहा है। स्वास्थ्य विभाग के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, बांदा जिले में 160 डाक्टरों के पद सृजित हैं, लेकिन तैनाती मात्र 81 की है, जबकि 79 पद खाली हैं। जिला पुरुष चिकित्सालय में 27 डाक्टर होने चाहिए, लेकिन सिर्फ 12 डाक्टर ही तैनात हैं। ट्रामा सेंटर में 9 पद सृजित हैं, पर यहां भी मात्र तीन डाक्टरों की नियुक्ति है। इसी तरह जिला महिला चिकित्सालय में आठ डाक्टरों के पद स्वीकृत हैं, लेकिन मौजूदा समय में मात्र दो डाक्टर ही तैनात हैं।
उधर, स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि बांदा जिला अस्पताल में ईडीएल की 290 दवाओं के सापेक्ष 210 दवाएं उपलब्ध हैं। सीएचसी में 220 ईडीएल दवाओं के मुकाबले 165 दवाएं उपलब्ध हैं। यह भी दावा किया जा रहा है कि सभी अस्पतालों में जीवन रक्षक दवाएं उपलब्ध हैं। इसके अलावा स्योढ़ा और बहेरी गांवों में स्थापित किए गए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में स्टाफ की कमी से इनको प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनाकर ही चलाया जा रहा है।
सरकारी अस्पतालों में डाक्टरों की स्थिति
जिला स्वीकृत पद नियुक्त
बांदा 160 81 79
चित्रकूट 133 75 58
महोबा 113 56 57
हमीरपुर 151 71 80
योग 557 283 274
बांदा जिला अस्पताल में डाक्टरों के रिक्त पद
जनरल सर्जन-02, पैथोलाजिस्ट-01, आर्थोपेडिक सर्जन-02, रेडियोलॉजिस्ट-01, बाल रोग विशेषज्ञ-01, चर्म रोग विशेषज्ञ-01, चेस्ट फिजीशियन-01, फिजीशियन-01, एनेस्थेटिस्ट-01 व ईएमओ-04।
मंडल में 118 सीएचसी और पीएचसी
चित्रकूटधाम मंडल के चारों जिलों में जिला अस्पतालों के अलावा गांव और कस्बों में चल रहे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) और नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों की कुल संख्या लगभग 118 है। सभी में डाक्टरों की कमी है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र 22, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र 37 और नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र 59 हैं।
अपर निदेशक बोले, प्रदेश में डाक्टरों की कमी
चित्रकूटधाम मंडल में डाक्टरों की कमी पर अपर निदेशक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा डॉ. ओंकारनाथ कौशल का कहना है कि इस स्थिति से कई बार शासन के बड़े अफसरों को अवगत कराया जा चुका है। साथ ही अपर निदेशक ने यह भी दलील दी कि पूरे प्रदेश में डाक्टरों की कमी है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नीति आयोग के तहत चुने गए विशिष्ट शहरों में चित्रकूटधाम मंडल का चित्रकूट भी शामिल हैं। यहां हाल ही में 80 नए डाक्टरों की तैनाती की गई है, पर अब तक मात्र 29 ने ही कार्यभार ग्रहण किया है।
अपर निदेशक खुद कर रहे आपरेशन
मरीजों की लगातार बढ़ती तादाद और डाक्टरों के घटते ग्राफ से पैदा विषम परिस्थितियों से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने अपने प्रशासनिक कामों के साथ अब इलाज और आपरेशन के उपकरण भी संभाल लिए हैं। इसकी ताजा बानगी में चित्रकूटधाम मंडल के अपर निदेशक डॉ. ओंकारनाथ इन दिनों खुद नसबंदी और हाइड्रोसील के आपरेशन कर रहे हैं। उन्होंने बांदा जिला अस्पताल में 10 से 15 दिसंबर तक हाइड्रोसील के मरीजों के आपरेशन का विशेष अभियान शुरू किया है। बृहस्पतिवार तक तीन हाइड्रोसील के आपरेशन किए हैं। इसी तरह 10 पुरुषों की नसबंदी आपरेशन किए हैं।
ज्वाइन न करने पर दो डाक्टरों का वेतन रोका
महोबा जिले से बांदा जिला अस्पताल के लिए पिछले माह स्थानांतरित दो डाक्टरों ने अब तक यहां कार्यभार ग्रहण नहीं किया है। इस पर अपर निदेशक ने दोनों डाक्टरों का वेतन रोक दिया है। शल्य चिकित्सक (सर्जन) डॉक्टर दीपेंद्र कुमार सुल्लेरे और अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉक्टर अनुराग पुरवार को महोबा जिला चिकित्सालय से बांदा जिला अस्पताल स्थानांतरित किया गया है। लगभग एक माह बीत गया, लेकिन अभी तक इन दोनों ने यहां ज्वाइन नहीं किया। अपर निदेशक ने अपने आदेश में कहा कि कार्यभार ग्रहण करने का प्रमाणपत्र प्रस्तुत न करने तक दोनों का वेतन रोका जाता है।