बांदा। महिला ने जानवरों के बाड़े में बुधवार की दोपहर साढ़े तीन बजे करीब अपनी पहनी हुई साड़ी से फंदा लगाकर जान दे दी। बच्चों के बताने पर जब देवर पड़ोसी की दीवार फांदकर बाड़े में गया तब उसने उन्हें फंदे से लटका देखा।
देहात कोतवाली क्षेत्र के जारी गांव निवासी रामविशाल ने बताया कि उसकी भाभी उर्मिला (40) ने घर से करीब 500 मीटर की दूरी पर स्थित जानवरों के बाड़े में अपनी पहनी हुई साड़ी से फंदा लगा लिया। घटना के समय रामविशाल को देखने बांसी देवरार गांव से कुछ मेहमान आए हुए थे। रामविशाल उन्हें छोड़ने गया था। इस बीच वह लौटा तो घर के बच्चों ने बताया कि बाड़े का दरवाजा बंद है। तब वह पड़ोसी की दीवार फांदकर अंदर गया तो भाभी को फंदे से लटका पाया। घटना के समय उर्मिला के पति बलराम कोरी बकरियां लेकर खेत में चराने गए थे।
देवर के मुताबिक, उसकी भाभी की दीपावली के समय पर तबीयत खराब हुई थी, उन्हें हवा का चक्कर था। उनकी झाड़फूंक कराई थी। पिछले सोमवार को वह बकरी चराने गईं थीं, वहां वह चक्कर खाकर गिर गईं थीं। उनके सीने में चोट आई थी। उनके तीन पुत्र तीन पुत्रियां हैं। देहात कोतवाली इंस्पेक्टर अनूप दुबे ने बताया कि परिजन कोई ठोस वजह नहीं बता सके हैं। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।