बांदा। पत्नी को पुलिस कार्यालय में पीटने वाले
अधिवक्ता के विरुद्ध दहेज उत्पीड़न, मारपीट और धौंस धमकी की पत्नी ने
रिपोर्ट दर्ज करा दी है। अधिवक्ता की मां, भाई और बहन भी नामजद किए गए हैं।
बरछा
गांव निवासी और मटौंध में एएनएम पद पर कार्यरत सरोज यादव ने शहर कोतवाली
में दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि उसकी शादी नवंबर 2014 में अधिवक्ता
रामेंद्र सिंह यादव (स्वराज कालोनी) के साथ हुई थी।
मंगलवार (9
फरवरी) को वह पति के उत्पीड़न की शिकायत करने पुलिस कार्यालय एसपी से मिलने
गई थी। एसपी ने पति को भी वहां बुलवा लिया। पुलिस उपाधीक्षक विनोद सिंह व
अन्य पुलिस कर्मियों की मौजूदगी में पति ने उसे गालियां दीं और चार पहिया
वाहन की मांग की। रावेंद्र ने तलाक की बात कही।
इस पर उसने विरोध
किया। तभी रावेंद्र ने गुस्से में आकर उसका गला दबा दिया और तमंचा अड़ाकर
मारापीटा। जान से मारने की धमकी दी। वहां मौजूद उसके पिता व भाई को भी
मारापीटा।
सरोज ने यह भी दर्ज कराया है कि शादी के बाद से ही पति,
सास, देवर व ननद उसके साथ दहेज के लिए मारपीट और उत्पीड़न करते रहे हैं।
उसे घर से निकाल दिया है।
पुलिस ने पति रावेंद्र सिंह यादव, सास
गंगोत्री, देवर राहुल और ननद वंदना यादव के विरुद्ध धारा 498 ए, 323, 504,
506 और 3/4 दहेज प्रतिषेध अधिनियम का मुकदमा दर्ज किया है।
उधर,
पीड़ित सरोज की पैरवी कर रहीं गुलाबी गैंग कमांडर संपत पाल ने पुलिस पर इस
मामले में ढिलाई का आरोप लगाते कहा है कि 13 फरवरी को वह अशोक लाट बांदा
में प्रदर्शन और बुद्धि-शुद्धि हवन करेंगी।