बांदा। बुंदेलखंड को 24 घंटे बिजली देने की कवायद में
लगेे उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन के प्रबंध निदेशक एपी मिश्रा यहां आए।
उन्होंने चित्रकूटधाम मंडल के सभी जनपदों में बिजली आपूर्ति की समीक्षा की।
कारपोरेशन के स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि मंडल के लगभग 27
फीडरों में 15 घंटे से भी कम बिजली आपूर्ति हो रही है। मंडल में कुल 247
फीडर हैं। प्रबंध निदेशक ने तत्काल इस कमी को दुरुस्त करने के निर्देश दिए
हैं।
दिसंबर में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बुंदेलखंड के गांवों को
24 घंटे बिजली आपूर्ति के आदेश दिए थे। इसके बाद कारपोरेशन के बड़े अफसर
लगातार बुंदेलखंड में दौड़ लगा रहे हैं।
पूर्व में सीएमडी और
प्रबंध निदेशक आ चुके हैं। प्रबंध निदेशक फिर यहां आए। उनके साथ दक्षिणांचल
पावर कारपोरेशन के प्रबंध निदेशक सत्यवीर सिंह राठौर भी थे।
दोनों
अधिकारियों ने मुख्य अभियंता एके सक्सेना सहित मंडल के कारपोरेशन
अभियंताओं के साथ सर्किट हाउस में बैठक की। स्थानीय अभियंताओं ने प्रबंधक
निदेशक को बताया कि बांदा जनपद में 90 फीडर हैं। इनमें 35 फीडर में 20 घंटे
बिजली दी जा रही है। 42 फीडर में 15 से 20 और 13 फीडर ऐसे हैं, जहां 15
घंटे से कम आपूर्ति हो रही है।
चित्रकूट में 45 फीडरों में 18
फीडरों में 20 घंटे से अधिक आपूर्ति का दावा किया गया। 24 फीडरों में 15 से
20 घंटे बिजली आपूर्ति की बात कही गई। पांच फीडरों में 15 घंटे से कम
आपूर्ति के आंकड़े दिए गए।
हमीरपुर में 74 फीडर हैं। यहां 23 में
20 से 24 घंटे तक आपूर्ति किया जाना बताया है। 43 फीडर में 15 से 20 घंटे
और आठ फीडर में 15 घंटे से कम बिजली दी जा रही है।
महोबा के बारे
में बताया कि कुल 38 फीडरों में 37 फीडरों में 20 से 24 घंटे बिजली मिल रही
है, सिर्फ एक फीडर में 15 घंटे से कम आपूर्ति हो रही है।
प्रबंध
निदेशक द्वारा दिए निर्देशों की जानकारी देते हुए मुख्य अभियंता एके
सक्सेना ने बताया कि फीडरों पर ओवरलोडिंग रोकने के लिए एक फीडर पर अधिकतम
दो सब स्टेशन जोड़े जाएंगे।
इसके अलावा बांदा में औगासी से समगरा
और चिल्ला रोड स्थित 132 सब स्टेशन से पलरा सब स्टेशन तक 132 केवी की लाइन
बनाई जा रही है। औगासी से तिंदवारी तक भी 132 केवी की लाइन बनेंगी।
जनपद
में 15 घंटे से कम आपूर्ति वाले इलाकों में कमासिन, बबेरू और जसपुरा हैं।
चित्रकूट में राजापुर और सरधुआ और हमीरपुर में मन्ना व खेरा क्षेत्र शामिल
हैं।
एमडी ने बताया कि महोबा और चित्रकूट में 220 केवी के सब
स्टेशन बनाए जा रहे हैं। इनके चालू हो जाने के बाद मंडल की बिजली आपूर्ति
में काफी सुधार आएगा।
उधर, मुख्य अभियंता एके सक्सेना ने
उपभोक्ताओं से अनुरोध किया कि मुख्यमंत्री की मंशा के मुताबिक भरपूर बिजली
देने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसमें सहयोग करें।