बांदा। सड़क हादसे में बाइक सवार बिजली कर्मचारी की मौत हो गई। उत्तेजित लोगों ने लगभग दो घंटे तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगा दिया। एक अन्य घटना में बाइक सवार घायल हो गया। बिजली खेड़ा निवासी राजाराम प्रजापति (45) पुत्र रामकृपाल प्रजापति यहां अधिशासी अभियंता (विद्युत वितरण खंड) कार्यालय में सहायक (द्वितीय) पद पर तैनात थे। सोमवार की रात वह निमंत्रण पर तिंदवारी थाना क्षेत्र के धौंसड़ गांव से बाइक पर वापस लौट रहे थे। उनका साला कृष्णा (17) निवासी लेवा (मौदहा, हमीरपुर) भी साथ था। बांदा-तिंदवारी राष्ट्रीय राजमार्ग पर महोखर गांव स्थित राजकीय स्पर्श महाविद्यालय के पास सामने से आ रहे ट्रक से कुचलकर उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। कृष्णा को भी चोटें आईं। भागने की कोशिश में तेजरफ्तार ट्रक कुछ दूरी पर पलट गया। चालक ट्रक छोड़कर भाग निकला।
क्लीनर को ग्रामीणों ने पकड़कर जमकर धुनाई कर पुलिस के हवाले कर दिया। उधर, दुर्घटना से उत्तेजित ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगा दिया। लगभग दो घंटे बाद पुलिस ने जाम खत्म कराया। मृतक के एक पुत्र व एक पुत्री है। भतीजे आलोक ने बताया कि वह मूलरूप से शेखूपुर (जसपुरा) के रहने वाले थे और बिजली खेड़ा में मकान बनाकर रहते थे। एक अन्य घटना में मटौंध थाना क्षेत्र के अछरौड़ गांव निवासी बरदानी यादव (35) सोमवार की रात बांदा से गांव जाते समय मोहन पुरवा गांव के नजदीक बाइक दुर्घटनाग्रस्त होने से घायल हो गया।