फोटो42 - लौली टीकामऊ गांव में लीकेज तलाशते जल निगम के कर्मचारी। संवाद
संवाद न्यूज एजेंसी
अतर्रा। बिसंडा ब्लॉक के लौली टीकमऊ गांव में जल जीवन मिशन के अंतर्गत बिछाई गई पाइप लाइन में लीकेज की समस्या से ग्रामीण परेशान थे। गुरुवार को जिला पंचायत सदस्य कमलेश साहू ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर समाधान की मांग की थी।
इस जन समस्या को लेकर अमर उजाला ने शुक्रवार को ‘खोदी गई सड़कें बनी मुसीबत, डीएम से शिकायत’ शीर्षक से खबर प्रमुखता से प्रकाशित की। इसके बाद बाद प्रशासन हरकत में आया। शुक्रवार सुबह जल निगम के अवर अभियंता मुकेश कुमार चौधरी के नेतृत्व में आधा दर्जन कर्मचारियों की टीम गांव पहुंची और युद्ध स्तर पर लीकेज दुरुस्त करने का कार्य शुरू किया। जिला पंचायत सदस्य कमलेश साहू ने बताया कि दो महीने से पाइप लाइन में लीकेज की समस्या बनी हुई थी।
कई बार उच्चाधिकारियों को पत्र देने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। इससे रोजाना सैकड़ों लीटर पानी बर्बाद हो रहा था और जलभराव से ग्रामीणों को आवागमन में भारी दिक्कतें हो रही थीं। जल निगम के अवर अभियंता मुकेश कुमार चौधरी ने कहा कि सभी लीकेज को चिन्हित कर मरम्मत का कार्य कराया जा रहा है। टीम पूरी सक्रियता से लगी हुई है।