बांदा । बहन की वरीक्षा कार्यक्रम में जा रहे आटो सवार एक ही परिवार के भाई-बहन समेत आठ लोग रास्ते में ऑटो के अनियंत्रित होकर पलट जाने से घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अतर्रा कस्बा के आऊ गांव निवासी अनिल (25) की बहन का जौहरपुर गांव में रविवार शाम वरीक्षा का कार्यक्रम है। जिसके लिए भाई व अन्य नाते-रिश्तेदार आऊ गांव से टेंपो में जौहरपुर जा रहे थे। हादसे के समय वाहन में करीब 13 लोग सवार थे। सिमौनी गांव की नदी के पास तेज रफ्तार आटो मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।
राहगीरों ने वाहन में फंसे घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद अनिल उसके फुफूरे भाई सीतापुर चित्रकूट निवासी शैलेंद्र (12), बहन खुशी (8), भाई जितेंद्र (9) नाहर पुरवा गड़ांव गांव के रिश्तेदार प्यारेलाल (55) व रिश्ते का मामा आऊ गांव का रोशन (7) पुत्र रामऔतार को घायल अवस्था में एंबुलेंस से जिला अस्पताल लाया गया। दो रिश्तेदारों को मामूली चोटें आईं। मामूली घायलों को चिकित्सकों ने उपचार के बाद घर जाने की छुट्टी कर दी। (संवाद)