फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

स्टार्टअप समिट से निकलेगा समस्याओं का समाधान

Mon, 28 Jan 2019 11:41 PM IST
ASIF ASIF अमर उजाला ब्यूरो, बांदा
विज्ञापन
हवन पूजन करते पूर्व कुलपति प्रोफेसर कृपा शंकर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

इन्नोवेशन एंड स्टार्टअप समिट-2019 का सोमवार को हवन-पूजन और परंपरागत रस्मों के साथ आगाज हो गया। पहले दिन डॉ. अब्दुल कलाम टेक्नालॉजी एवं प्रौद्योगिक यूनिवर्सिटी (एकेटीयू), लखनऊ के पूर्व कुलपति प्रोफेसर कृपा शंकर सिंह ने उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि यह समिट जनसमस्याओं का हल निकालने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करेगी। बुंदेलखंड और खासकर बांदा की खास पहचान बनेगी। 

विज्ञापन


सोमवार को मेडिकल कालेज परिसर और प्रेक्षागृह सजे-संवरे और छात्र-छात्राओं, युवाओं, किसानों आदि से गुलजार हो गया। जिला विज्ञान क्लब, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद तथा जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय स्टार्टअप के उद्घाटन में प्रोफेसर कृपाशंकर सिंह के अलावा डीएम हीरालाल और अन्य अधिकारी शामिल रहे। समिट में सौ से अधिक सरकारी और अर्द्ध सरकारी विभाग अपने स्टॉल और प्रदर्शनी से लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दे रहे हैं। प्रो. कृपाशंकर सिंह ने कहा कि ऐसे इन्नोवेशन प्राचीन समय में भी होते रहे हैं, लेकिन क्षेत्रीय, भौगोलिक परिस्थितियों और अन्य स्थानीय समस्याओं के चलते हाशिए पर आ गए। उन्होंने कहा कि इसका फायदा समाज के सभी वर्गों को मिलेगा। 

डीएम हीरा लाल ने कहा कि स्टार्टअप आयोजन का मकसद इस पिछड़े क्षेत्र की समस्याओं का हल सहज, सरल और कम पैसे में किए जाने के उपाय तलाशना और उन्हें अपनाना है। साथ ही बांदा जिले के बाशिंदों के तन, मन और बुद्धि में नवाचार की सोच विकसित करनी है, ताकि वे वैज्ञानिक और सकारात्मक चिंतन कर सकें। डीएम ने स्टार्टअप को ज्ञान का कुंभ बताते हुए युवाओं से कहा कि इसमें डुबकी लगाकर ज्ञान प्राप्त करें और जीवन की ऊंचाइयों को छुएं। उन्होंने बताया कि समिट में 128 सरकारी और गैर सरकारी स्टॉल लगाए गए हैं। 78 इनोवेटर्स बाहर से आए हैं। चित्रकूटधाम मंडल के चारों डीएम, तीन जिलों के पुलिस अधीक्षक, डीआईजी और खनिज निदेशक भी शामिल होंगे। 8 मंचों पर स्थानीय कलाकारों को अपनी विधा का प्रदर्शन करने का भी मौका दिया गया है।
विज्ञापन


विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. राधेलाल ने कहा कि इन्नोवेशन को विकसित करने के लिए उनका परिषद अनुदान देता है। एनआरएलएम उपायुक्त केके पांडेय ने कहा कि समस्याओं के समाधान में यह मील का पत्थर साबित होगा। मेडिकल कालेज प्रधानाचार्य डॉ. मुकेश यादव ने डीएम के प्रयासों को सराहा। एएसपी लालभरत कुमार पाल, एसडीएम पैलानी राकेश कुमार ने भी संबोधित किया। डीएम ने प्रोफेसर कृपाशंकर सिंह को अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंट किए। उपायुक्त एनआरएलएम और जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी संजीव बघेल ने डीएम हीरा लाल और विधायक चंद्रपाल कुशवाहा को सम्मानित किया।

कार्यक्रम का संचालन डायट प्राचार्य ने किया। सीडीओ हीरालाल, एडीएम संतोष बहादुर सिंह, एसडीएम थमीम अंसरिया, सीएमओ डा.संतोष कुमार, डीआईओएस हिफजुर्रहमान, बीएसए हरिश्चंद्रनाथ, परियोजना निदेशक आरपी मिश्रा, उप निदेशक कृषि एके सिंह, उप निदेशक सूचना भूपेंद्र सिंह यादव, तहसीलदार अवधेश निगम, व्यापारी नेता संतोष गुप्ता, शिक्षक संघ नेता आशुतोष त्रिपाठी, कवि चंद्रिका दीक्षित ललित, पूर्व चेयरमैन राजकुमार राज, अमित सेठ भोलू, स्वदेश शिवहरे आदि शामिल रहे। नटराज म्युजिक डांस स्टूडियो के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए। 
 
128 स्टॉल लोगों को कर रहे आकर्षित 
समिट में सरकारी और अर्द्ध सरकारी 128 स्टाल आकर्षण का केंद्र हैं। इनमें जहां एक तरफ विभिन्न विभाग अपनी योजनाओं का प्रदर्शन और प्रचार कर रहे हैं, वहीं तमाम स्कूल-कालेजों के बच्चों के स्टॉलों पर आधुनिक तकनीक वाले मॉडल लोगों का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं। विभागीय स्टालों में उद्यान विभाग ने फल-सब्जी सजा रखी है। इनके अलावा कृषि, भूमि संरक्षण, पंचायती राज, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण, आयुर्वेद, यूनानी, चकबंदी, व्यवसायिक शिक्षा, बेसिक शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा, डूडा, नगर पालिका, विकास प्राधिकरण, मत्स्य, पशुपालन, केन नहर प्रखंड, लघु सिंचाई, जल निगम, सौर ऊर्जा, दुग्धशाला, वन, ग्रामोद्योग, श्रम, डीआरडीए, महिला कल्याण, निर्वाचन, इफ्को, कोआपरेटिव आदि विभागों के अलावा अखिल भारतीय समाज सेवा संस्थान, प्रजापिता ब्रम्ह कुमारी आदि के स्टॉल लगाए गए हैं। सभी अधिकारियों और बड़ी संख्या में लोगों ने स्टॉलों का अवलोकन किया। 
 

मनोरंजन का भी पूरा इंतजाम 
समिट में लोगों के मनोरंजन का भी ख्याल रखा गया है। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सरकार की योजनाओं का प्रचार भी हो रहा है। सूचना विभाग के उप निदेशक भूपेंद्र सिंह यादव ने बताया कि समिट के पहले दिन रमेश पाल की टीम का दीवारी नृत्य, आईटीआई के प्रशिक्षणार्थियों के सांस्कृतिक कार्यक्रम, आरसी योगा, बुद्धविलास और वंशगोपाल के जादू शो, नटराज संगीत महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं की सरस्वती वंदना, गुंजन कला मंच के बुंदेली लोकगीत, रामस्वरूप राही का लोकगायन, कुमारी अंजली वर्मा की गजल, मनोज खन्ना का कीर्तन, बजरंग इंटर कालेज के छात्र का राई नृत्य, जुग्गीलाल का आल्हा गायन, शफीक खां का गीत, श्रीचंद अंचल और बलराम यादव का बुंदेली लोकगीत, राजेंद्र सेन का लोक नृत्य, भूरेलाल एंड पार्टी की गजल व भजन, महेश का लोकगीत, खिलाड़ी मास्टर के फाग गायन ने लोगों का मनोरंजन किया। डिप्टी कलेक्टर संदीप कुमार, कुमारी शारदा, अंगद शर्मा, प्रवीण चौहान, धनंजय सिंह, राजीव सिंह आदि सहभागी रहे। 
 
होनहारों के मॉडल ने मोहा मन
स्कूल आफ मैनेजमेंट साइंस, लखनऊ के दीपक विश्वकर्मा की बैटरी से चलने वाली साइकिल। केसीएनआईटी, बांदा के छात्र संदीप कुमार मिश्रा की बैटरी बाइक। शुभम व अनुराग की मैन्युअल वाशिंग मशीन। सेंट मेरीज हायर सेकेंडरी स्कूल के छात्र विभूति नारायण का लेजर माइक्रोस्कोप, प्रीतू सिंह व प्रेरणा का सीक्रेट मैसेज प्रणाली, मृत्युंजय व लकद सिद्दीकी व शशांक का सोलर सिस्टम, सुल्तानपुर के छात्र राधेश्याम का मल्टी परपज सूटकेस, कौशांबी के विवेक पटेल की प्रदूषणमुक्त बाइक आदि मॉडल आकर्षण का केंद्र रहे। इन्हें सराहा गया। 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें