प्रदेश महामंत्री विजय बहादुर का स्वागत करते भाजपाई।
- फोटो : अमर उजाला
बांदा। भाजपा प्रदेश महामंत्री और बुंदेलखंड प्रभारी विजय बहादुर पाठक ने कहा कि 2017 के विधानसभा चुनाव में 265 से ज्यादा सीट जीतने के लिए कार्यकर्ताओं से सुझाव लिए जा रहे हैं। प्रत्याशियों की सूची तैयार है। हाईकमान की मंजूरी का इंतजार है। भाजपा महामंत्री बुधवार को यहां मंडपम सभागार में जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के लिए युद्ध स्तर पर तैयार किया गया खाका तैयार है। कार्यकर्ताओं से कहा कि पूरे जोश और अस्त्र-शस्त्र के साथ नैतिक स्तर पर भी तैयारी करें। बाद में मीडिया से बातचीत में कहा कि सपा राज में गुंडाराज से कानून व्यवस्था चौपट है।
कार्यकर्ता सम्मेलन में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन्हें फूलों से लाद दिया। पगड़ी बांधी और तलवार, अंग वस्त्र व स्मृति चिन्ह दिए। शुरुआत डा. श्याम प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल के चित्र पर फूल और दीप प्रज्ज्वलन से हुई। आनंद स्वरूप द्विवेदी ने वंदेमातरम ने गाया। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष इंद्रपाल सिंह पटेल और संचालन प्रेम नारायण द्विवेदी ने किया। सांसद भैंरो प्रसाद मिश्र, कानपुर प्रांत के अनु श्रीवास्तव, राष्ट्रीय परिषद सदस्य विजय सिंह चौहान, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य प्रकाश द्विवेदी व बालमुकुंद शुक्ला, संतोष गुप्ता, लवलेश सिंह, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष महेंद्र सिंह वर्मा, जगराम सिंह, पूर्व मंत्री शिवशंकर सिंह पटेल, पुरुषोत्तम पांडेय, आशुतोष मिश्र, रामकरन सिंह बच्चन, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष पुष्कर द्विवेदी, मुदित शर्मा, विजय बहादुर परिहार आदि उपस्थित रहे। सपा महिला सभा नेता हेमलता वर्मा और सेठ माणिकचंद्र ने भाजपा की सदस्यता ली।