बांदा। परिषदीय स्कूलों के बच्चों और टीचर्स की हाजिरी अब रजिस्टर के साथ एनआईसी की ओर से विकसित उपस्थित माड्यूल पर दर्ज करानी होगी। इसके लिए प्रधानाध्यापक को अपने मोबाइल से एसएमएस करना होगा।
विद्यालय खुलने के दो घंटे के अंदर मैसेज नहीं मिला तो साफ्टवेयर स्कूल बंद दिखा देगा। यह सूचना शिक्षा विभाग के उच्चाधिकारियों तक पहुंच जाएगी। यह नई व्यवस्था अगले माह नए साल से लागू होगी।
योजना के तहत शिक्षकों को अपने स्कूल की प्रत्येक कक्षा के अनुपस्थित छात्र का अनुक्रमांक एनआईसी की ओर से विकसित विशेष सॉफ्टवेयर पर पंजीकृत अपने मोबाइल से एनआआईसी के मोबाइल पर मैसेज करना होगा। शिक्षकों को यह कार्य स्कूल खुलने के बाद एक से दो घंटे के अंदर करना होगा। इस दौरान एनआईसी को मैसेज नहीं मिला तो कंप्यूटराइज्ड सिस्टम उस दिन विद्यालय को बंद दर्शा देगा।
बेसिक शिक्षा परिषद की इस योजना के तहत जिले के परिषदीय विद्यालयों में पंजीकृत बच्चों व शिक्षकों का डाटा तथा प्रधानाध्यापक और सहायक अध्यापकों का मोबाइल नंबर विशेष साफ्टवेयर के उपस्थित मॉड्यूल में फीड किया जा रहा है। नए साल से शिक्षकों को नई व्यवस्था के अनुरूप बच्चों की हाजिरी एसएमएस के जरिए देनी होगी।
ओमप्रकाश त्रिपाठी, बेसिक शिक्षा अधिकारी, बांदा