बांदा। चित्रकूट धाम मंडल में पीएम किसान सम्मान निधि योजना में बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। मंडल में 6159 किसानों ने योजना का गलत तरीके से लाभ लिया हैं। इसमें 1930 लोगों की मौत हो चुकी है, इसके बाद भी वे स्वर्ग से योजना का लाभ ले रहे हैं। फर्जीवाड़ा करने में सबसे अधिक 1310 किसान बांदा जिले से हैं। वहीं, गरीब किसान योजना का लाभ पाने के लिए दर-दर भटक रहे हैं।
केंद्र सरकार ने 2019 में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना शुरू की थी। योजना के तहत साल में हर किसान के खाते में छह-छह हजार रुपये भेजे जा रहे हैं। जून माह में कृषि निदेशालय से उप कृषि निदेशक कार्यालय को उन किसानों की सूची भेजी गई है, जो पीएम सम्मान निधि योजना के लाभार्थी हैं, लेकिन उनकी मौत हो चुकी है। निदेशालय की तरफ से भेजी गई सूची के आधार पर कृषि विभाग ने सभी एसडीएम को पत्र भेजकर किसानों का सत्यापन कराने के लिए कहा है।
अब तक पांच लाख रुपये से अधिक की हो चुकी रिकवरी
उप कृषि निदेशक विजय कुमार ने बताया मंडल के बांदा, चित्रकूट, हमीरपुर और महोबा के 651 लोग इनकम टैक्स देने के बाद भी पीएम सम्मान निधि का लाभ लेने वाले पकड़े गए हैं। इनसे वसूली की जा रही है। वहीं, 3625 लोग अपात्र होने के बावजूद सम्मान निधि का लाभ ले रहे थे, इनसे भी रिकवरी की जानी है। अब तक विभाग की तरफ से पांच लाख 84 हजार रुपये की वसूली की जा चुकी है। शेष लोगों से भी वसूली कराई जा रही है। वहीं, सभी तहसीलों के एसडीएम को मृतक किसानों की सूची भेजकर सत्यापन कराने के लिए कहा गया है। सत्यापन के बाद जिस किसान ने योजना का लाभ लिया है, धनराशि की वसूली उनके परिजनों से कराई जाएगी।
मृतक अपात्र आयकर दाता
बांदा 880 100 330
चित्रकूट 350 1050 44
हमीरपुर 400 880 185
महोबा 300 695 92