बांदा। महाकौशल एक्सप्रेस की एसी (एयर कंडीशन) बोगी से बैग लेकर भाग रहे बदमाशों को पकडने में महिला यात्री ट्रेन से गिरकर घायल हो गई। युवती की बदमाशों से हाथापाई भी हुई थी। उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया। परिजन यहां से सतना (एमपी) ले गए।
सीमावर्ती मध्य प्रदेश के सीधी निवासी ज्योति (30) पत्नी हरीश सिंह शंघाई (चीन) में पीएचडी की तैयारी कर रही है। जालंधर में 15 दिवसीय वर्कशाप के बाद वह बुधवार की रात महाकौशल एक्सप्रेस से सतना जा रही थी। बी-1 एसी कोच में सवार थी। युवती के मुताबिक बांदा से दो युवक बोगी में चढ़ आए। डिंगवाही रेलवे स्टेशन के नजदीक ट्रेन की गति धीमी होने पर युवक उसका बैग उठाकर भागने लगे। उसने उन्हें पकड़ा तो मारपीट की। बदमाश चलती ट्रेन से कूद गए।
उन्हें पकडने के लिए वह भी कूद गई। लेकिन आरोपी भाग निकले। गंभीर रूप से जख्मी ज्योति को आरपीएफ और जीआरपी ने जिला अस्पताल पहुंचाया। घटनास्थल से कुछ दूर जीआरपी ने बैग बरामद कर लिया। इसमें लैपटाप और मोबाइल था। जेवर और नकदी आदि गायब थी। जीआरपी थानाध्यक्ष का कहना है कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल परिजनों ने कोई कार्रवाई न करने की बात कहकर घायल ज्योति को सतना ले गए।