पिटाई से घायल पति बुद्धराज को जिला अस्पताल ले जाते परिजन।
- फोटो : BANDA
बांदा। ससुराल में युवती की आग से मौत मामले में बुधवार को जिला अस्पताल में मायके और ससुराल पक्ष के लोगों के बीच हाथापाई हो गई। मायके पक्ष के लोगों ने युवती के पति को बुरी तरह पीटा। हंगामे के चलते लगभग एक घंटे तक शव लावारिस पड़ा रहा।
मटौंध थाना क्षेत्र के पटना गांव में अंजू यादव (20) मंगलवार को सुबह ससुराल में आग से जल गई थी। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत के बाद बुधवार को पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पंचनामा कार्रवाई पूरी होते ही मृतका अंजू यादव के मायके पक्ष वाले पति बुद्धराज पर टूट पड़े। उसे दौड़ाकर पीटा।
उसे बचाने के लिए आए परिजनों और ग्रामीणों के साथ भी मारपीट की। जिला अस्पताल पुलिस चौकी के उप निरीक्षक ने समझाने का प्रयास किया, लेकिन न मानने पर वह बैरंग लौट गए। मायके वालों की इस हरकत से नाराज ससुराली पक्ष के लोगों ने शव ले जाने से इनकार कर दिया और बुद्धराज का जिला अस्पताल में डाक्टरी परीक्षण कराया।
इस हंगामे के चलते लगभग डेढ़ घंटे तक अफरा-तफरी की नौबत रही और शव लावारिस हाल में एंबुलेंस पर पड़ा रहा। बाद में पति ने पोस्टमार्टम कराया। मायके के लोग पोस्टमार्टम हाउस नहीं पहुंचे।