ओरन। एक और प्रवासी मजदूर ने फांसी लगाकर जान गंवा दी। वह कुछ ही दिन पहले पूना (महाराष्ट्र) से लौटकर आया था। अविवाहित था। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बिसंडा थाना क्षेत्र के जरोहरा गांव में अखिलेश (25) पुत्र रामसिया ने बुधवार की शाम घर की छत के छल्ले में नायलान की रस्सी बांधी और फांसी पर झूल गया। कुछ देर बाद चचेरा भाई अमर सिंह वहां पहुंचा तो शव लटकता देखा। उसने पड़ोसियों को सूचना दी। कुछ ही देर बाद ओरन चौकी प्रभारी सुल्तान सिंह पुलिस कर्मियों के साथ घटनास्थल आ गए और शव का पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
अखिलेश जब मात्र पांच वर्ष का था तभी माता-पिता का निधन हो गया। दो अन्य बड़े भाइयों ने परवरिश की। बड़ा भाई उत्तरा गुजरात में और छोटा भाई कमलेश हैदराबाद में मजदूरी करता है। दोनों इन दिनों वहीं हैं। लॉकडाउन में घर नहीं लौट सके। अखिलेश पूना में मजदूरी करता था। 20 दिन पहले यहां लौटा था। तीनों भाई अभी अविवाहित हैं। अखिलेश घर पर अकेले रहता था। प्रथम दृष्टया काम धंधा न मिलने से आर्थिक तंगी ही आत्महत्या की वजह मानी जा रही है। चौकी प्रभारी सुल्तान सिंह ने मौके पर पहुंच शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा।