अतर्रा। चित्रकूट के शबरी जल प्रपात में डूबने से मृत तीनों युवकों का सोमवार को हरिश्चंद्र वाटिका श्मशान स्थल पर एक साथ अंतिम संस्कार हुआ। इस दौरान लोगों की आंखें नम रहीं।
सिविल लाइन नरैनी रोड निवासी लाला उर्फ पियूष साहू (22), मोहित (18) व साहिल (17) की रविवार को चित्रकूट के शबरी जल प्रपात में सेल्फी लेते समय पानी में डूबने से मौत हो गई थी। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही तीनों शव घर पहुंचे लोगों के रोने-बिलखने से आसपास का माहौल मातमी हो गया। परिजनों के क्रंदन से पड़ोसियों की भी आंखें भर आईं। तीनों शवों का अंतिम संस्कार कर दिया गया। तीनों चिताएं एक साथ जलीं। यह दृश्य देखकर लोग भावुक हो उठे। एक ही परिवार में मोहित और साहिल की असमय मौत से पूरा परिवार बदहवास है। दोनों हम उम्र चचेरे भाई थे। पिता देवेंद्र व अशोक गुमशुम बैठे रहे। पियूष अविवाहित व तीन भाइयों में छोटा था। माता-पिता के साथ दुकान में सहयोग करता था।
घटना की जानकारी मिलते ही रिश्तेदारों का जमावड़ा लग गया। नरैनी विधायक राजकरण कबीर, बांदा पालिकाध्यक्ष मोहन साहू, सपा नेता भरतलाल दिवाकर, नीरज द्विवेदी, अजय साहू, रामस्वरूप आदि ने मृतकों के घर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की। भाजपा पूर्व सांसद रमेशचंद्र द्विवेदी, सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी, सहकारिता प्रकोष्ठ के सह संयोजक पुरुषोत्तम पांडेय, कांग्रेस वरिष्ठ नेता साकेत बिहारी मिश्र, पूर्व जिलाध्यक्ष चित्रकूट पंकज मिश्र, सपा नेता पंकज गौतम, विवेक बिंदु तिवारी, रमाकांत चौरिहा रज्जन चौरिहा, अन्नू गर्ग, राकेश पयासी, धर्मेद्र, रविकांत शुक्ला, राकेश गौतम आदि ने भी परिजनों को ढांढस बंधाया।
शोकसभा कर श्रद्धांजलि दी
अतर्रा। वरिष्ठ कांग्रेस नेता गिरीश कुमार चौरिहा (72) का निधन हो गया। कांग्रेसियों ने सोमवार को आयोजित शोकसभा में दो मिनट मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। पूर्व जिलाध्यक्ष साकेत बिहारी मिश्रा, सेवादल जिलाध्यक्ष कैलाशनाथ बाजपेयी, नगर अध्यक्ष जगदीश गुप्ता विक्की, सोमचंद्र जाटव, सूरज बाजपेयी, सुनील दत्त पांडेय, प्रभाकर पांडेय, मो. नसीम, आशीष गुप्ता, रमेश वर्मा आदि उपस्थित रहे। (संवाद)