बांदा। ओवर लोडिंग से टूट रहे यूपी-एमपी के बुंदेलखंड स्थित राष्ट्रीय राजमार्गों (नेशनल हाईवे) का मुद्दा राज्य सभा तक पहुंच गया। जवाब में केंद्रीय मंत्री ने इन राष्ट्रीय राजमार्गों को क्लीन चिट देते हुए कहा कि यह गड्ढा मुक्त हैं। कुछ मार्गों पर सुदृढ़ीकरण और चौड़ीकरण चल रहा है।
राज्यसभा सांसद विशंभर प्रसाद निषाद ने हाल ही में राज्यसभा में यह मुद्दा उठाया था कि यूपी और एमपी में ओवरलोड ट्रकों से नेशनल हाईवे और संपर्क मार्ग ध्वस्त हुए हैं। इनकी मरम्मत कराई जाए। इस पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय में राज्यमंत्री जनरल डॉ. विजय कुमार सिंह ने सांसद को भेजे पत्र में कहा कि यूपी के नेशनल हाईवे 731 ए व 135 सी में सुदृढ़ीकरण का काम चल रहा है।
चित्रकूटधाम मंडल से गुजर कर मध्यप्रदेश और प्रयागराज को जोड़ने वाले नेशनल हाईवे 86 गड्ढा मुक्त है। हाईवे 75 ई में सुदृढ़ीकरण चल रहा है। मध्य प्रदेश के बुंदेलखंड छतरपुर, टीकमगढ़, पन्ना, रीवा को जोड़ने वाले नेशनल हाईवे में भी चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण किया गया है। यहां यातायात सुगम है।