बांदा। विधान सभा चुनाव प्रक्रिया में नामांकन पत्रों की जांच के बाद 18 उम्मीदवारों के चुनाव लड़ने की उम्मीदों पर पानी फिर गया है। त्रुटियों और खामियां दर्शाकर नामांकन पत्र निरस्त कर दिए गए हैं। सबसे ज्यादा पर्चे बांदा विधान सभा में खारिज हुए। अब मौजूदा में कुल 41 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। हालांकि अभी नाम वापसी शेष है।
आठ दिन चली नामांकन प्रक्रिया के बाद शुक्रवार को नामांकन पत्रों की जांच हुई। चारों विधान सभा के रिटर्निंग आफीसर ने जांच के बाद खामियां और त्रुटियों के चलते 18 नामांकन निरस्त कर दिए। इनमें कुछ दलीय प्रत्याशी भी हैं। बांदा सदर सीट से अवधेश कुमार कबीर, अनीस, मोहम्मद असलम, नईमुद्दीन, अनिल कुमार, मूलचंद्र, विनय कुमार और हृदयेश कुमार वर्मा का पर्चा खारिज कर दिया गया।
तिंदवारी विधान सभा क्षेत्र से नामांकन दाखिल करने वाले बाबूलाल, रामप्रताप, रामविशाल, शिवनारायण व हरिकिशोर का पर्चा निरस्त हो गया। नरैनी विधान सभा में हरिबाबू, संदीप व ठाकुरदीन और बबेरू सीट में जगपाल व मुख्तारुल हसन का नामांकन खारिज किया गया है।