बांदा। बुंदेलखंड इंसाफ सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष एएस नोमानी की अगुवाई में सोमवार को स्मार्ट मीटर के विरोध में अनोखा प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन में शामिल उजरेहटा गांव का दूल्हा कुलदीप पदाधिकारियों, बरातियों व महिलाओं के साथ शादी से पहले कलक्ट्रेट पहुंचा। बिजली पोल की आरती उतारकर विरोध किया। दूल्हे ने प्रशासन से सवाल किया कि वह पत्नी के लिए मंगलसूत्र खरीदे या पावर कारपोरेशन का बिल भरे। वह बरात की तैयारी कर रहा था और उसके घर की बिजली काट दी गई। सभी ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा।
बुंदेलखंड इंसाफ सेना के बैनर तले प्रदर्शन में पहुंचे उजरेहटा गांव के दूल्हे कुलदीप कुमार ने बताया कि उसकी बरात सोमवार को महोबा के खन्ना गांव जानी है। वह बरात की तैयारी कर रहा था, तभी पावर कारपोरेशन की ओर से उसके घर की बिजली काट दी गई। इससे वह आहत हुआ है।
बुंदेलखंड इंसाफ सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष एएस नोमानी ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट संदीप केला को सौंपा। ज्ञापन में उन्होंने कहा कि पावर कारपोरेशन के अधिकारियों को आदेशित किया जाए कि तत्काल प्रभाव से स्मार्ट मीटर को बदलकर पुराने मीटर लगाए जाएं। ताकि जनपदवासी बेटी व बहू का स्वागत अंधेरे घर में नहीं बल्कि बिजली की रोशनी से जगमगाते हुए घर में कर सकें।
प्रदर्शन में मोहनलाल वर्मा, घासीराम निषाद, विमल कुमार वर्मा, साजिद, शकूर, शारदा देवी, सुनीता, जैतून बेगम, मंजू देवी, सलमा, आशीष, रुबीना, अली हुसैन, शब्बीर , शबीना, फूला देवी, शकील, सलमान, रामरतन, चंद्रभान, शिवराम, केशव वर्मा, सुशील, दीपक साहू, कमलेश साहू, छोटेलाल मौजूद रहे।
फोटो - 19 बिजली पोल की आरती उतारता दूल्हा व बुंदेलखंड इंसाफ सेना के पदाधिकारी, महिलाएं। संवाद
फोटो - 19 बिजली पोल की आरती उतारता दूल्हा व बुंदेलखंड इंसाफ सेना के पदाधिकारी, महिलाएं। संवाद