किसान नेता विमल शर्मा का ज्ञापन लेने के बाद अनशन खत्म कराते एसडीएम व सीओ।
- फोटो : BANDA
बदौसा। अवैध खनन और अन्ना जानवरों के मुद्दे को लेकर बुंदेलखंड किसान यूनियन का चल रहा अनशन शुक्रवार को समाप्त हो गया। नायब तहसीलदार अतर्रा और सीओ नरैनी ने किसान नेताओं को जूस पिलाकर अनशन तुड़वाया। अनशनकारियों ने एसडीएम को संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार को सौंपा।
महुटा और बरकतपुर खदानों में एनजीटी नियमों के विपरीत हो रहे खनन और अन्ना जानवरों की समस्या को लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष विमल शर्मा के नेतृत्व में 7 नवंबर से अनशन चल रहा था। शुक्रवार को बदौसा के पास जाम की चेतावनी दी गई थी, पर ऐन वक्त पर उसे किसान पंचायत के रूप में तब्दील किया गया।
अध्यक्ष विमल शर्मा ने कहा कि दीपावली पर्व को ध्यान में रखते हुए अधिकारियों के अनुरोध पर जाम का निर्णय बदला गया। इसके बाद एसडीएम को संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार को सौंपा।
विमल शर्मा ने कहा कि अवैध खनन के मुद्दे पर वह जनहित याचिका दायर करेंगे। इस दौरान श्रवण तिवारी, राकेश साहू, गजबदन शुक्ला, अखिलेश रावत, प्रहलाद करवरिया, अनुपा सिंह, उमा सिंह आदि मौजूद रहे।