बांदा। किसान ने दरोगा पर अभद्रता और खाद की पर्ची फाड़ने का आरोप लगाकर एसपी से शिकायत की। एसपी ने जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
फतेहगंज थाना क्षेत्र के रक्सा बरछा डडिया गांव के किसान रामबाबू विश्वकर्मा ने एसपी को दिए पत्र में बताया कि दो जनवरी को साधन सहकारी समिति डढ़वा मानपुर फतेहगंज में खाद के लिए सुबह से लाइन में लगे थे। सेहत खराब होने के कारण समिति अध्यक्ष ने पर्ची दी थी। नंबर आया तो पर्ची लेकर अंदर जाने लगे। आरोप है कि वहां तैनात दरोगा अवधेश शुक्ला ने फर्जी पर्ची का आरोप लगाते हुए अभद्रता की। पर्ची का सत्यापन कराने के लिए कहा तो पर्ची फाड़ दी और धक्का देकर बाहर कर दिया। मुकदमा दर्ज करने की धमकी दी।
पीड़ित किसान ने एसपी से मांग की है कि दरोगा के खिलाफ कार्रवाई की जाए। शिकायत की प्रति मुख्यमंत्री, पुलिस महानिदेशक, मानवाधिकार लखनऊ को भेजी है। पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने जांच कराने का आश्वासन दिया है।