बांदा। प्रसूता की नार्मल डिलीवरी के दौरान मृत पुत्र होने से प्रसूता के मायके पक्ष से आए किन्नर भाई व उसके साथियों ने नशे में जमकर हंगामा काटा।
आरोपियों ने जिला महिला अस्पताल में तोड़फोड़ की। गार्ड ने उसे रोका तो उसके साथ भी मारपीट और अभद्रता की। बाद में पुलिस के मौके पर पहुंचने पर शव को मोर्चरी में रखाया गया। पुलिस ने आरोपी पक्ष को समझा-बुझाकर मामले को शांत कराया। सीएमएस की ओर से कोतवाली में तहरीर दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
तिंदवारी थाना क्षेत्र के गांव भुजरख निवासी पूजा (23) को उसके परिजन ने प्रसव पीड़ा होने पर मंगलवार की शाम करीब सात बजे भर्ती कराया था। यहां तैनात स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. चारू गौतम ने जांच कर बताया कि बच्चा पेट में मर चुका है। इसे मेडिकल कॉलेज ले जाओ।
इस पर पूजा के पति दिलीप कुमार ने अस्पताल में ही भर्ती कर डिलीवरी कराने की मनुहार की। जिस पर डॉक्टर व नर्स स्टाफ ने पूजा को भर्ती कर उसकी नार्मल डिलीवरी करा दी। उसने एक मृत बच्चे को जन्म दिया।
इस बीच रात करीब डेढ़ बजे पूजा का किन्नर भाई ओरन से अस्पताल पहुंच गया। वहां उसने नशे में पहले पूजा के ससुराल वालों से अभद्रता की उसके बाद वह स्टाफ से अभद्रता करने लगा। इस बीच अस्पताल में तैनात पूर्व सैनिक गार्ड भोला भी आ गए। उन्होंने उसे रोकना चाहा तो उसने अपने साथियों के साथ उनके साथ मारपीट की। अस्पताल के प्रसव कक्ष के बाहर लगे शीशे तोड़ दिए। इस पर महिला अस्पताल स्टाफ ने पुलिस को सूचना दी।
मौके पर शहर कोतवाल बलराम सिंह, डायल 112 पुलिस व चौकी पुलिस पहुंच गई। उन्होंने बताया कि महिला के किन्नर भाई को समझा-बुझाकर शांत किया। बच्चे के शव को मोर्चरी में रखवा दिया। शहर कोतवाल बलराम सिंह ने बताया कि जिला महिला अस्पताल प्रशासन की ओर से तहरीर मिली है। जांच की जा रही है।
-
वर्जन
जिला महिला अस्पताल में की गई अभद्रता, मारपीट व तोड़फोड़ के संबंध में कोतवाली नगर में लिखित तहरीर दी है। प्रसूता के घरवालों को पहले ही बता दिया था कि बच्चा पेट में मर चुका है। महिला के मायके से आए परिजन ने हंगामा किया है।
डॉ. सुनीता सिंह, सीएमएस, जिला महिला अस्पताल, बांदा।