बांदा। अयोध्या के दर्शननगर स्थित यश पेपर मिल में बांदा बिसंडा के ओरन कस्बा निवासी केमिकल इंजीनियर आशीष शिवहरे की संदिग्ध हालात में मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है।
मामले में वैश्य समाज भी पीड़ित परिवार के समर्थन में उतरा। शनिवार को दिवंगत इंजीनियर के परिजन वैश्य समाज के पादाधिकारियों के साथ पुलिस अधीक्षक अयोध्या नगर चक्रपाणि त्रिपाठी को ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराने, नामजद आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित कराने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल में इंजीनियर आशीष शिवहरे के पिता आनंद शिवहरे, मां गंगा, बहन गायत्री, ज्योति, अखिल भारतीय जायसवाल सर्व वर्गीय के राष्ट्रीय संगठन मंत्री नीरज जायसवाल, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ज्ञानेश्वर जायसवाल, पूर्व पार्षद अयोध्या अनुभव जायसवाल, युवा उपाध्यक्ष, डॉक्टर मधुर जायसवाल, भाजपा मंडल अध्यक्ष अयोध्या हेमंत जायसवाल आदि शामिल रहे। पीड़ित परिवार का दावा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में आशीष के शरीर पर 17 चोटों के निशान मिले हैं।
परिजन के मुताबिक शरीर पर घसीटे जाने, हाथ-पेट पर डंडे से चोट और कमर के नीचे गंभीर घाव के निशान पाए गए हैं। परिजन ने घटनास्थल से कथित तौर पर बरामद हुई एक हिंदी डायरी को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं। बहन ज्योति का दावा है कि आशीष अपनी पढ़ाई और जरूरी चीजें अंग्रेजी में लिखता था और हिंदी में लिखने की उसकी आदत नहीं थी। ऐसे में परिवार ने डायरी की प्रामाणिकता की जांच कराने की मांग की है।