पैलानी। तहसील क्षेत्र के गांव खरेई के मजरा उसरा डेरा में सार्वजनिक रास्ता बंद होने से ग्रामीणों और स्कूली बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
शनिवार को ग्रामीणों ने तहसील पहुंचकर एसडीएम भूपेंद्र सिंह को जानकारी देकर रास्ता खुलवाने की मांग की। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि रामआसरे निषाद के दरवाजे से शंकरजी मंदिर तक जाने वाला आम रास्ता कचरे से बाधित है। बताया कि रास्ते में लगे सबमर्सिबल से पानी छोड़ने पर भी वहां जलभराव हो जाता है।
शिकायत पर एसडीएम ने बीडीओ तिंदवारी से वार्ता कर राजस्व व पुलिस कर्मियों की टीम गठित कर रास्ता खाली कराने के निर्देश दिए हैं। एसडीएम ने बताया कि बच्चों के आवागमन को देखते हुए रास्ता खुलवाने की कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)