बांदा। विजयादशमी मंगलवार को मनाई जाएगी। बांदा में दशहरे का उत्सव एक दिन के बजाय पांच दिनों तक चलेगा।
शहर में पांच अलग-अलग स्थानों पर रावण दहन के साथ मेले लगेंगे। कहीं 20 तो कहीं 22 फीट ऊंचे रावण के पुतले तैयार किए जा रहे हैं। रामलीला कमेटियों ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
इस दौरान रामलीला, रावण दहन, आतिशबाजी और मेलों से शहर में उत्सव का माहौल रहेगा। बाजारों में भी रौनक बढ़ने लगी है। बच्चों में रावण दहन, आतिशबाजी और मेले में घूमने को लेकर खासा उत्साह है।
प्रागी तालाब में 20 अक्तूबर को करीब 20 फीट ऊंचे रावण का दहन होगा। यहां मेले का भी आयोजन किया जाएगा। श्रीरामलीला प्रागी तालाब समिति के अध्यक्ष विजय कुमार गुप्ता ने बताया कि मंगलवार को परंपरा के अनुसार पर्व मनाया जाएगा।
21 अक्तूबर को अलीगंज की श्रीरामलीला समिति की ओर से दशहरा मनाया जाएगा। यहां करीब 22 फीट ऊंचा रावण का पुतला बनाया जा रहा है। इसके साथ कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतले भी तैयार किए जा रहे हैं। समिति के प्रबंधक शंभूनाथ द्विवेदी ने बताया कि तैयारियां अंतिम चरण में हैं। रामलीला मैदान के पीछे स्थित आयोजन स्थल पर रावण दहन होगा और लोग मेले का आनंद उठाएंगे।
छाबी तालाब में होगा रावण के पुतले का दहन
दशहरे के पांच दिवसीय कार्यक्रम के तहत 22 अक्तूबर को छाबी तालाब में रावण दहन और मेले का आयोजन किया जाएगा। आयोजक समिति इसकी तैयारियों में जुटी है। वहीं 23 अक्तूबर को संकट मोचन मंदिर के पास रावण दहन होगा। यहां भी मेले का आयोजन किया जाएगा।
ॉआसपास के क्षेत्रों के लोग रावण दहन देखने और मेले में शामिल होने पहुंचेंगे। पांच दिवसीय दशहरा उत्सव का समापन 24 अक्तूबर को कांशीराम कॉलोनी में रावण दहन के साथ होगा। अलग-अलग दिनों में होने वाले आयोजनों से शहर के विभिन्न इलाकों में पांच दिनों तक मेले और उत्सव की रौनक बनी रहेगी।