खप्टिहकलां। हमीरपुर जिले के सिसोलर थाना क्षेत्र के विदोखर गांव निवासी रामजियावन श्रीवास (21) पुत्र सत्यनारायण अपने ननिहाल गढ़ा (पैलानी) आया था। सोमवार को दोपहर वह केन नदी नहाने गया था। घाट पर बालू खुदाई कर रही पोकलैंड मशीन के पास नहाते समय फिसल कर गहरे गड्ढे में समा गया। साथ के युवकों ने शोर मचाकर ग्रामीणों को बुलाया।
लगभग दो घंटे की मशक्कत के बाद शव बाहर निकाला। उधर, घटना की सूचना मिलने पर पैलानी थाना और सीमावर्ती सिसोलर (हमीरपुर) थाने की पुलिस भी घटनास्थल पहुंच गई। एसडीएम, पैलानी प्रहलाद सिंह ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पैलानी थाना पुलिस ने पंचनामा कर शव पोस्टमार्टम को भेज दिया।
गौरतलब है कि 24 घंटे के अंदर बालू के लिए खोदी गई नदी में डूबकर हुई मौत की यह दूसरी घटना है। रविवार को शहर से सटे राजघाट में गोड़ी बाबा गांव निवासी रामबाबू निषाद की पुत्री सीमा जल संस्थान द्वारा गहरी की गई जल धारा में डूब गई थीं। इस घटना में मल्लाहों ने जब तक सीमा को बाहर निकाला उसकी मौत हो चुकी थी।