हादसे के बाद सड़क किनारे पलटी स्कूल बस
- फोटो : अमर उजाला
बांदा। ट्रक की टक्कर से घायल वृद्धा की मौत हो गई। अन्य सड़क हादसों में नौ बाइक सवार घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कोई बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे। शहर के साहब तालाब जेल रोड निवासी मुन्नी (65) पत्नी श्यामलाल को शनिवार को देर शाम दुकान जाते समय ट्रक ने टक्कर मार दी थी। परिजनों ने उसे जिला अस्पताल ले गए। चिकित्सकों ने उसे कानपुर रेफर कर दिया। रास्ते में उसकी मौत हो गई। मोहल्ले वालों ने चालक को पकड़ कर ट्रक समेत पुलिस के हवाले कर दिया। रविवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। एक अन्य घटना में गौरिहार (छतरपुर) निवासी विष्णु प्रजापति (19) पुत्र राजाभइया गांव के वीरबल पाल (19) व रामेश्वर कुशवाहा (22) के साथ चंदपुरा से गौरिहार जाते समय गांव के पास सामने से आ रही टेंपो की टक्कर से घायल हो गए।
हेलमेट न लगाने से बाइक चला रहे विष्णु प्रजापति के चेहरे व सिर पर गंभीर चोटें आईं। उधर, तिंदवारी कसबा निवासी सुधा (30) अपने पति राजेश के साथ पुत्र प्रियांजलि (2) का इलाज कराने बाइक पर बांदा आते समय देहात कोतवाली क्षेत्र के बरगहनी गांव के पास गड्ढे में गिरकर मां-बेटे घायल हो गए। एक अन्य घटना में बिसंडा थाना क्षेत्र के बिसंडी गांव निवासी शकुंतला (32) पत्नी अच्छेलाल अपने पुत्र अमित (8) व छोटा (6) को लेकर बाइक पर गांव के रोहित के साथ पुत्र का इलाज कराने अस्पताल आ रही थी। बिसंडा थाना क्षेत्र के ओरन-बिसंडी गांव के बीच बाइक के पहिए में साड़ी फंसने से मां व दोनों पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। उधर, तिंदवारी थाना क्षेत्र के महुई गांव का राम सिंह (28) पुत्र शिवकरन सिंह कुरसेजाधाम से बाइक पर घर जाते समय मवेशी से टकरा कर घायल हो गया।