अतर्रा। मरम्मत कार्य के चलते बंद रेलवे क्रॉसिंग गेट से लोग जान जोखिम में डालकर निकल रहे हैं। इनमें ज्यादातर संख्या स्कूली छात्र-छात्राओं की है। स्थानीय लोगों ने रेलवे प्रशासन से कर्मचारियों को तैनात करने की मांग की।
तहसील अंतर्गत खुरहंड रेल्वे स्टेशन के गडरा रेलवे क्राॅसिंग गेट संख्या 472 पर पटरियों की मरम्मत का काम चल रहा है। इस कारण एक सप्ताह से गेट पूरी तरह बंद है। रेलवे प्रशासन ने रूट डायवर्जन करते हुए खमौहरा का मार्ग आवागमन के लिए निर्धारित किया है। बावजूद इसके लोग नए मार्ग से आवागमन नहीं कर रहे हैं। क्रॉसिंग बंद होने से रेलवे क्वार्टर, अधरोरी, हस्तम, तकुली, नाई, दुरई सहित अन्य गांवों के लोगों को 8-10 किमी. की अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है, जिससे बचने के लिए लोग बंद क्रॉसिंग से आवागमन कर रहे हैं।
ज्यादातर स्कूली छात्र-छात्राएं अपनी साइकिलों को झुकाकर क्रॉसिंग के नीचे से पार कर लेते हैं, जिससे हर समय दुर्घटना का अंदेशा रहता है। रेलवे क्वार्टर गांव निवासी व सपा जिलाध्यक्ष डॉ. मधुसूदन कुशवाहा और हस्तम गांव निवासी भाजपा नेता हरिओम शर्मा ने रेलवे प्रशासन पर हीलाहवाली का आरोप लगाते हुए कहा कि कर्मचारियों को आवागमन करने वाले लोगों को रोकना चाहिए, ताकि दुर्घटना से बचा जा सके। साथ ही रेलवे को बंद क्रॉसिंग पर सुरक्षा बल तैनात करना चाहिए।