नजर बाग में गुटखा प्रतिष्ठान में जांच करते अधिकारी।
- फोटो : संवाद
बांदा। जीएसटी की टीम ने नजर बाग में एसएनके गुटका के सुपर स्टाकिस्ट मयंक ट्रेडर्स फर्म पर रविवार को छापेमारी की। प्रयागराज से आई केंद्रीय टीम ने चार गोदामों में भरे माल को देखा। दस्तावेज संग्रहित किए। फर्म के मालिक मयंक अग्रवाल ने पूरे दस्तावेज नहीं उपलब्ध कराए।
टीम के अधिकारी हेमनाथ ने बताया कि मौके पर ही कारोबारी को दस्तावेज उपलब्ध कराना चाहिए। मयंक ने आश्वासन दिया है कि वह आफिस आकर दस्तावेज चेक कराएंगे। गोदामों में भरे माल की तस्दीक करने के बाद टीम के अधिकारी ने कहा कि सारे प्रपत्रों को देखने के बाद देनदारी निर्धारित की जाएगी, अगर कुछ गलत पाया जाता है तो कानूनी कार्यवाही भी की जाएगी।
नौ सदस्यीय जीएसटी टीम ने मयंक ट्रेडर्स की फर्म पर करीब चार घंटे तक जांच की। पूरी बाजार में अफरा तफरी का माहौल रहा। छापेमारी की खबर सुनते ही मयंक ट्रेडर्स फर्म के मालिक सहित कर्मचारी ताला लगाकर भाग गए। टीम के बुलाने पर कर्मचारी आए और गोदामों को खोला। छापेमारी के दौरान टीम को एक्सपायरी माल भी मिला। केंद्रीय जीएसटी निवारक शाखा प्रयागराज के सहायक आयुक्त हेमनाथ झा ने कहा कि मौके पर कुछ दस्तावेज बरामद हुए हैं। कुछ दस्तावेजों की कमी है, जिसको फर्म मालिक मयंक अग्रवाल से मंगवाए गए हैं। मालिक मयंक अग्रवाल ने कहा कि यह केंद्रीय टीम की छापेमारी नहीं है, सर्वे मात्र है।