बांदा। कालिंजर थाना क्षेत्र के गांव मूड़ी में युवकों के साथ शराब पीने को लेकर विवाद के बाद एक युवक का शव गुरुवार की शाम खेत में नीम के पेड़ पर फंदे से लटका मिला। पिता ने तीन युवकों पर मारपीट कर हत्या कर शव फंदे से लटकाने का आरोप लगाया है। मरने से पहले युवक ने फोन से तीनों युवकों को मौत का जिम्मेदार बताते हुए रिकार्डिंग भी पिता के मोबाइल में भेजी थी। तीनों युवकों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने रिपोर्ट में दर्ज की गई है। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है।
गांव के शिवचंद्र ने बताया कि बेटे अजय (19) का शव गुरुवार की शाम चार बजे मूड़ी नाला के पास खेत में खड़े नीम के पेड़ से लटका मिला। बताया कि बुधवार की सुबह करीब 10 बजे गांव का ही अमित तिवारी बेटे अजय को साथ ले गया था। सुबह 11 बजे अजय को फोन किया तो पता चला कि वह गांव के अमित तिवारी, रज्जन और रमैया के साथ सढ़ा गांव में है। दोपहर बाद करीब साढ़े तीन बजे फोन किया तो अजय ने बताया कि तीनों ने उसे बहुत मारा है।
जब वह खोही गांव पहुंचा तो चारों वहां नहीं मिले। इसके बाद उसके मोबाइल में अजय की रिकार्डिंग आई कि उसकी मौत के जिम्मेदार अमित, रज्जन और रमैया हैं। यह रिकॉर्डिंग सुनकर घरवाले उसे रात भर तलाश करते रहे। पुलिस को भी सूचना दी गई। अगले दिन गुरुवार की शाम करीब चार बजे अजय का शव खेत में लगे नीम के पेड़ से लटका मिला। अजय का मोबाइल पेड़ के नीचे रखा था, एक बेल्ट टूटी पड़ी थी।
अजय पांच भाई और पांच बहनों में चौथे नंबर का था। घर में मां कलमत है। एक माह पहले अजय सूरत से घर आया था। पिता भी खेतिहर मजदूर हैं। उनके तीन बीघा जमीन है। कालिंजर थाना इंस्पेक्टर दीपेंद्र सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया जांच में शराब पीने को लेकर विवाद होना बताया गया है। चारों में आपस में मारपीट हुई है। युवक ने खुदकुशी की है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की रिपोर्ट दर्ज की है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। एक आरोपी को हिरासत में लिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर और धाराएं बढ़ाई जाएंगी।