बांदा। छह दिन से लापता किसान का शव केन नदी में मिला। पुलिस और परिजन नदी में दो दिन से जाल डलवाकर उसकी तलाश कर रहे थे। शव मिलने पर परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने दो डॉक्टरों के पैनल और वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम कराया है।
देहात कोतवाली क्षेत्र के चटचटगन गांव निवासी पुन्ना (57) का शव शनिवार की देर शाम केन नदी में डूबा हुआ पुलिस और परिजनों ने बरामद किया। बड़े पुत्र राजू ने बताया कि उसके पिता पुन्ना खेती किसानी करते थे। 10 बीघा जमीन है। वह 13 जनवरी की शाम साढ़े पांच बजे तक अपने खेत में देखे गए। उसके बाद से वह लापता थे। उनकी थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी।
राजू ने बताया कि वह तीन भाई हैं। तीनों बाहर रहकर कमाते हैं। पिता का पता नहीं चलने पर वह तीन दिन पहले गांव आए थे। उन्होंने पुलिस से कहकर नदी में जाल डलवाया था। पुत्र के मुताबिक, खेत में घसीटे जाने के निशान भी मिले हैं, जो नदी की ओर जाते दिखाई दिए थे। इस आशंका पर उन्होंने नदी में जाल डलवाया था। पुत्र ने हत्या की आशंका जताई है। हालांकि गांव में किसी से रंजिश की बात से इनकार किया है। घर में मां सुमतिया हैं।
पूरे प्रकरण में देहात कोतवाली प्रभारी आनंद कुमार ने बताया कि थाने में किसान की गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। उनकी तलाश की जा रही थी। दो डाॅक्टरों के पैनल और वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मौत की वजह पता चल सकेगी।