बांदा। दो दिन से लापता गल्ला व्यापारी के बेटे का शव नाले में मिला। कान के पास खून निकल रहा था। पिता ने हत्या कर नाले में शव फेंकने की आशंका जताई है।
गिरवां थाना क्षेत्र के खुरहंड रेलवे स्टेशन निवासी अतुल गुप्ता (39) घर से 15 दिसंबर को पिता श्यामू गुप्ता को खाना देने निकले थे, लेकिन पता नहीं चला। पिता ने रिश्तेदारी और अस्पतालों में पता किया था, लेकिन पता नहीं चला था। 17 दिसंबर (मंगलवार) को दोपहर अतुल का शव खुरहंड रोड स्थित नाले में पड़ा मिला। चरवाहों की सूचना पर पुलिस और परिजनों ने शव को बाहर निकालकर शिनाख्त कराई। शव के कान के नीचे से खून निकलता मिला।
ममेरे भाई शिवगोपाल गुप्ता ने बताया कि अतुल दो भाइयों में बड़ा था। उसके पिता श्यामू गुप्ता की खुरहंड में गल्ले की दुकान है। अतुल के छोटे भाई ऋषभ ने पांच साल पहले फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली थी। अतुल की पत्नी गुड़िया अपनी पुत्री के साथ दो महीने से अपने मायके गड़रियन पुरवा में रह रही हैं। मां गीता का वर्ष 1994 में निधन हो चुका है। इन दिनों घर में सिर्फ पिता-पुत्र रह रहे थे। ममेरे भाई ने हत्या किए जाने की आशंका जताई है।
उधर, गिरवां थानाध्यक्ष राधा कृष्ण तिवारी ने बताया कि गुमशुदगी की सूचना परिजनों द्वारा नहीं दी गई थी। नाले से करीब 50 मीटर की दूरी पर शराब ठेका भी है। संभवत: नशे में नाले में गिरने की संभावना है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।