बांदा। खेत में पड़ा मिला शव सतना जिले नरदहा थाना क्षेत्र के सुरेश (28) का था। भाई ने प्रेम-प्रसंग में हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने दो डॉक्टरों के पैनल और वीडियाेग्राफी के साथ पोस्टमार्टम कराया है।
गिरवां थाना क्षेत्र के पतौरा गांव के आखरन पुरवा में खेत किनारे मंगलवार की सुबह शव मिला था। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर मौका मुआयना किया था। घटनास्थल से 100 मीटर की दूरी पर पुलिस ने एक टूटा हुआ मोबाइल फोन और साइकिल भी बरामद की थी।
बुधवार को पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे सुरेश के बड़े भाई महेश वर्मा ने शव की शिनाख्त कर बताया कि सुरेश दो दिसंबर को घर से निकला था। पतौरा गांव की किसी युवती से फोन पर बात करता था। उसके बुलाने पर ही वह घर से पतौरा गांव आया था। बताया कि युवती से करीब चार साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवती भी उनके स्वजातीय है, लेकिन वह शादी नहीं कर रही थी।
कई बार उससे कहा, लेकिन वह शादी के लिए टाल जाती थी। भाई ने आशंका जताई है कि उसके भाई सुरेश को उसी युवती ने बुलवाकर मार डाला है। सिर पर चाेट और आंखों के नीचे काला निशान भी है। घर में मां सरमन और पिता परसन हैं। सुरेश छह भाइयों में तीसरे नंबर का था। उधर, पुलिस ने शव का दो डॉक्टरों के पैनल और वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम कराया है। पूरे प्रकरण में सीओ अंबुजा त्रिवेदी ने बताया कि शव का पैनल से पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर कार्रवाई की जाएगी।