बांदा। मत्स्य पालन के लिए तालाबों के पट्टों की नीलामी समय से की जाए। ताकि मछुआ समाज के लोगों को रोजगार मिल सकें। यह निर्देश प्रदेश के मत्स्य जीवी सहकारी समिति के सभापति वीरू साहनी ने मंगलवार को सर्किट हाउस में मत्स्य विभाग से संबंधित कार्यों की समीक्षा के दौरान दिए।
कहा कि मत्स्य पालन के लिए निष्क्रिय समितियों को सक्रिय किया जाए। निषादराज वोट योजना के लाभार्थियों को नाव क्रय करने के लिए धनराशि दिए जाने और कैंप लगाकर मत्स्य पालकों की योजनाओं का प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।
मत्स्य संपदा योजना एवं मछुआ कल्याण कोष योजना की समीक्षा करते हुए मछुआ समाज के लिए कल्याण कोष में संचालित योजनाओं जैसे दैवी आपदा में लाभ दिलाया जाना, प्रशिक्षण, मछुआ आवास, चिकित्सा सहायता की सुविधा एवं शादी विवाह सहायता राशि दिलाए जाने के लिए जागरूक किया।। मछुआ पालकों को केसीसी से ऋण का लाभ दिलाए जाने को कहा।
अभी तक 150 आवेदन केसीसी ऋण के लिए बैंकों को भेजे गए हैं। जिनमें 13 को केसीसी से ऋण प्राप्त हुआ है। विभागीय जलाशय मत्स्य पालकों को समय से आवंटित किये जाने के निर्देश मत्स्य विभाग के अधिकारी को दिए।