नरैनी। धार्मिक स्थल पर किए गए अवैध निर्माण के मलबे को प्रशासन ने हटवाया। बीते दिनों एसडीएम कोर्ट के आदेश का अनुपालन न होने पर क्षेत्रीय लोग इसका विरोध कर रहे थे।
थाना क्षेत्र के पुकारी गांव स्थित रंज नदी किनारे बने बड़ोरा बाबा मंदिर के भंडार ग्रह को बीते वर्ष रंजीतपुर गांव निवासी नसीब खान व रईस खान ने क्षतिग्रस्त कर मकान का निर्माण करा लिया था। ग्रामीणों के विरोध पर प्रशासन ने निर्माण कार्य को ध्वस्त कराते हुए कुर्क की कार्यवाही की थी। मामले का वाद गांव के राममनोहर सहित अन्य लोगों ने दायर किया था। उप जिलाधिकारी के न्यायालय ने डेढ़ वर्ष बाद फैसला सुनाते हुए अतिक्रमण के मलबे को हटाने के आदेश दिए थे। लेकिन अधिकारियों की हीलाहवाली के चलते मलबा हटाए जाने के कार्य में देरी की जा रही थी, जिस पर स्थानीय लोग आक्रोशित हो रहे थे। शनिवार देर शाम नायब तहसीलदार डॉ आशीष शुक्ला, कोतवाली प्रभारी राममोहन राय, राजस्व निरीक्षक, हल्का लेखपाल आदि ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी की मदद से विवादित निर्माण के मलबे को हटवाया। मलबा हटने पर गांव के लोगों ने खुशी जताते हुए इसे न्याय की जीत बताया।