बांदा। चिल्ला थाना क्षेत्र के एक गांव में तीन साल की बच्ची से हैवानियत के आरोपी के खून से सने कपड़े, मासूम का अंडरगारमेंट, साइकिल, मछली रखने वाला बाॅक्स, मासूम की स्लाइड और आरोपी का डीएनए सैंपल साक्ष्य के तौर पर शामिल किए गए हैं। चिल्ला थाना पुलिस ने गुरुवार को भी गांव में मौजूद रही। पुलिस ने उन ग्रामीणों के बयान लिए हैं, जिन्होंने आरोपी को साइकिल के कैरियर में मछली रखने वाला बाक्स ले जाते देखा था। उधर, पुलिस के मुताबिक, कानपुर हैलेट में मासूम का इलाज चल रहा है। उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
चिल्ला थाना क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार की शाम चार बजे गांव के सुनील निषाद ने तीन वर्षीय मासूम के साथ टाॅफी देने के बहाने घर ले जाकर दुष्कर्म किया था। दुष्कर्म से बच्ची के बेहोश हो जाने पर आरोपी ने मछली रखने वाले बाक्स में रखकर बाॅक्स को साइकिल में बांधकर गांव से करीब 10 किलोमीटर दूर जंगल में मृत समझकर फेंक आया था। चिल्ला थाना पुलिस ने गुरुवार को आरोपी की निशानदेही पर मछली रखने वाला बाॅक्स, साइकिल को उसके घर से बरामद किया है। आरोपी के खून के सनी शर्ट को गिरफ्तारी के समय ही बरामद कर ली गई थी। इसके अलावा मासूम की स्लाइड व आरोपी के डीएनए सैंपल को लखनऊ की विधि विज्ञान प्रयोग शाला में जांच के लिए भेजा गया है।
चिल्ला थाना प्रभारी रामदिनेश तिवारी ने बताया कि गुरुवार को उन्होंने गांव में एक बार फिर घटनास्थल की जांच की है। साथ ही उन ग्रामीणों के बयान लिए हैं जिन्होंने आरोपी को मछली का बाक्स ले जाता देखा था। करीब 15 ग्रामीणों के बयान लिए गए हैं। सभी के बयान चार्जशीट में शामिल किए जाएंगे।
ग्रामीणों ने आरोपी को फांसी की सजा दिलाने की मांग
गुरुवार को गांव में ग्रामीणों के बयान लेने पहुंची चिल्ला थाना पुलिस से ग्रामीणों ने आक्रोश जताते हुए कहा कि आरोपी को फांसी की सजा दिलाई जाए। चिल्ला थाना प्रभारी राम दिनेश तिवारी ने बताया कि घटना को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। उन्होंने यहां ग्रामीणों से पूछताछ की। उनके बयान भी लिए। बयान में ग्रामीणों ने बताया कि आरोपी को सजा दिलाने की बात कही है। चिल्ला थाना प्रभारी के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ वर्ष 2012 में मारपीट का एक मामला दर्ज है।
वर्जन...
अपहरण कर दुष्कर्म की इस घटना में जल्द से जल्द चार्जशीट कोर्ट में दाखिल करने के विवेचक को निर्देश दिए गए हैं। आरोपी और मासूम के साक्ष्यों को इकट्ठा किया गया है। कानपुर के हैलट में बच्ची का इलाज चल रहा है। हालत स्थिर बताई जा रही है। वह बराबर जानकारी ले रहे हैं।-पलाश बंसल, एसपी।