बांदा। रमजान माह के समापन का प्रतीक पर्व ईदुल फितर पूरे जोश और खुशियों भरे माहौल में मनाया गया। एक माह तक रोजा, तरावीह और अन्य इबादतों में मशगूल रहे लोगों ने विशेष नमाज अदा कर अल्लाह का शुक्र अदा किया और गले मिलकर एक दूसरे को मुबारकबाद दी।
मुख्य नमाज शहर की ईदगाह में सुबह 8 बजे हुई। जामिया मदरसा, हथौरा के मौलाना कारी हबीब अहमद की तकरीर (संबोधन) के बाद मौलाना रियाज ने नमाज अदा कराई। नमाज के बाद खुत्बा पढ़ा। सामूहिक दुआ में मुल्क में अमन तरक्की और जुल्म से निजात मांगी गई। यहां बहुत बड़ी संख्या में लोगों ने नमाज अदा की। नजदीकी चौराहे पर बने पंडाल में डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल, एसपीy अंकुर अग्रवाल सहित प्रशासन व पुलिस और खूफिया एजेंसियों के अफसर मौजूद रहे।
गठबंधन प्रत्याशी पूर्व मंत्री शिवशंकर पटेल, सपा जिलाध्यक्ष बृजमोहन कुशवाहा, पूर्व अध्यक्ष विजय करन , विदित त्रिपाठी, इम्तियाज़ खां,एजाज खां आदि ने नमाजियों को मुबारकबाद दी। मुफ्ती मौलाना नजीब अहमद ( हथौरा) , जिला अधिवक्ता संघ अध्यक्ष अशोक दीक्षित, डाॅ. रफीक, ईदगाह व जामा मस्जिद मुतावल्ली डॉ शेख सादी जमा , शहर काजी मौलाना कमरुद्दीन, डीसीए सचिव वासिफ जमा , पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शकील अली, सपा के प्रांतीय नेता हसन सिद्दीकी, शमीम बांदवी, एआईएमआईएम अध्यक्ष वाजिद अली, कांग्रेस नेता मुमताज अली , पूर्व खनिज अधिकारी मुइनुद्दीन आदि ने भी मुबारकबाद दी। ईदगाह के आसपास बड़ी संख्या में पुलिस व अर्द्ध सैनिक बल तैनात रहे।
शेख सरवर की मस्जिद में शहर काजी अकील मियां सहित बड़ी संख्या में लोगों ने नमाज अदा की। रब्बानिया मस्जिद हाथीखाना, मरकज मस्जिद, केवटरा ईदगाह, जेल आदि में भी नमाज अदा की गई।
बढ़चढ़ मतदान करने की भी की गई अपील
शायद यह पहला मौका था जब यहां ईदगाह में ईद की नमाज के दौरान मुसलमानों से चुनाव (लोकसभा) में बढ़चढ़ कर मतदान करने की अपील की गई। नमाज़ के पूर्व मौलाना रियाज (पेश इमाम ) ने कहा कि चुनाव आयोग और जिला प्रशासन मतदान का ग्राफ ज्यादा से ज्यादा बढ़ाने की अपील और कवायदें कर रहा है। मुस्लिम मतदाताओं को भी चाहिए कि अपने सहित पूरे परिवार का वोट डलवाकर देश के लिए अच्छी सरकार चुनें ।