बांदा। कोविड गाइड पालन के साथ शिक्षक पात्रता परीक्षा-2021 (टीईटी) की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जनपद के 18 केंद्रों में दो पालियों में परीक्षा होगी। गेट पर ही तलाशी, सैनिटाइजेशन और मास्क चेकिंग की जाएगी। 18 स्टेटिक और 36 पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं। केंद्रों में तैयारियों के लिए शनिवार को बैठकें करके केंद्र व्यवस्थापकों ने परीक्षा में लगाए गए शिक्षकों आदि को गाइड लाइन के बारे में जानकारियां दीं।
पहली पाली में परीक्षा सुबह 10 से दोपहर 12.30 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2.30 से शाम 5 बजे तक होगी। पहली पाली में 10,043 व दूसरी पाली में 6,784 परीक्षार्थी हैं। परीक्षा में 16,827 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। डीएम अनुराग पटेल ने परीक्षा में लगाए गए अधिकारियों व कर्मचारियों को सख्त हिदायत दी है कि परीक्षा में नकलविहीन और गाइड लाइन के शत-प्रतिशत पालन के साथ कराना सुनिश्चित करें।
इन केंद्रों में होगी परीक्षा
डीएवी इंटर कॉलेज, आदर्श बजरंग, खानकाह इंटर कॉलेज, जीजीआईसी, महिला डिग्री कालेज, जेएन डिग्री कॉलेज, आर्यकन्या इंटर कॉलेज, राजा देवी डिग्री कॉलेज, फात्मा गल्र्स इंटर कॉलेज, सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, सरस्वती बालिका विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, भागवत प्रसाद मेमोरियल इंटर कॉलेज, केसीएनआईटी, डीआर पब्लिक स्कूल, जीआईसी मटौंध, इंटरमीडिएट कॉलेज तिंदवारा, सत्य नारायण इंटर कॉलेज तिंदवारी, जनता इंटर कॉलेज खुरहंड।
इन बातों का परीक्षार्थी रखें ध्यान
-केंद्र में परीक्षार्थियों को प्रथम पाली में 9:30 बजे व दूसरी पाली में 2:00 बजे के बाद प्रवेश नहीं मिलेगा।
-परीक्षार्थी को वेबसाइट के माध्यम से डाउनलोड किया प्रवेश पत्र लाना अनिवार्य है। पहचान पत्र के रूप में ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, वोटर आईडी, पासपोर्ट की मूल कापी मान्य रहेगी।
-प्रक्षिशण प्रमाणपत्र के किसी भी सेमेस्टर के अंक की मूल प्रति अथवा संबंधित प्रशिक्षण संस्था के रजिस्ट्रार व सक्षम अधिकारी द्वारा इंटरनेट से प्राप्त अंक की प्रमाणित पति अवश्य लाएं।
-जिस परीक्षार्थी के पास उक्त अभिलेख नहीं होंगे। उन्हें केेंद्र व्यवस्थापक किसी भी स्थिति में परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं देंगे।
-परीक्षार्थियों के लिए निशुल्क परिवहन व्यवस्था परिवहन विभाग ने की है। इस सुविधा को पाने के लिए प्रवेशपत्र की छाया प्रतियां अपने पास जरूर रखें।
-परीक्षार्थी मास्क व सैनिटाइजर की व्यवस्था के साथ ही परीक्षा केंद्र पर आएं।
-परीक्षा केंद्र पर मोबाइल व किसी प्रकार की इलेक्ट्रानिक घड़ी व डिवाइस लेकर प्रवेश पूर्णतया प्रतिबंधित है।