कोविड समीक्षा बैठक में नोडल अफसर/प्रमुख सचिव अनुराग श्रीवास्तव, डीएम व अन्य अफसर।
- फोटो : BANDA
बांदा। जनपद में रोजाना तेजी से बढ़ रहे कोरोना पॉजिटिव मरीजों के मद्देनजर जनपद के नोडल अधिकारी और प्रदेश सरकार के प्रमुख सचिव अनुराग श्रीवास्तव ने निर्देश दिया है कि सार्वजनिक स्थानों पर अभियान चलाकर आरटीपीसीआर और एंटीजन टेस्ट कराए जाएं। संक्रमितों को समय से मेडिसिन किट उपलब्ध हो। होम आइसोलेशन वाले सक्रिय संक्रमितों को दवाएं पहुंचाई जाएं।
कोविड के लिए शासन द्वारा नामित नोडल अधिकारी दो दिवसीय दौरे पर यहां आए हैं। शनिवार को पहले दिन सर्किट हाउस सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक कर कोविड संबंधी तैयारियों, वैक्सीनेशन इत्यादि की समीक्षा की। यह बताए जाने पर कि आज 40 नए केस आए हैं और अब यहां 117 सक्रिय मरीज हो गए हैं तब प्रमुख सचिव ने बैठक में उपस्थित डिप्टी सीएमओ को निर्देश दिए कि अभियान चलाकर जांच कराएं।
सभी निगरानी समितियों को सक्रिय कर उन्हें आवश्यक उपकरण दिए जाएं। डिप्टी सीएमओ डा.आरएन प्रसाद द्वारा सही जानकारियां न दे पाने पर प्रमुख सचिव ने नाराजगी जताई। आगाह किया कि जब भी बैठक में आएं तो पूरी जानकारी के साथ आएं। प्रमुख सचिव ने मेडिकल कालेज के बारे में भी जानकारी ली। कहा कि कोई भी व्यक्ति बिना मास्क न घूम पाए।
प्रमुख सचिव ने शीत लहर के मद्देनजर अलाव, गरीबों को कंबल, गोशालाओं में चारा-भूसा व ठंड से बचाव के इंतजाम, चल रही पेयजल योजनाओं आदि के बारे में भी जानकारियां लीं। बैठक में डीएम अनुराग पटेल ने बताया कि डाक्टरों की कमी है। बाकी सब ठीक है। अन्य व्यवस्थाओं के बारे में भी जानकारी दी। जिला स्तरीय संबंधित अधिकारी बैठक में उपस्थित रहे।