बांद-चिल्ला मार्ग पर टेंपो पलटने से उसमें बैठे 12 लोग घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें से एक की हालत गंभीर होने पर कानपुर रेफर कर दिया गया।
शुक्रवार को दोपहर सवारियां भरकर एक टेंपो जमालपुर गांव जा रहा था। बताया जाता है कि टेंपो में 15 यात्री बैठे थे। बांदा-चिल्ला मार्ग पर मवई बाईपास चौराहे के पास ट्रक को साइड देते समय टेंपो पलट गया और कई बार पलटी खाते हुए 15 फिट गहरी खंती में जा गिरा।
टेंपो सवार जमालपुर गांव निवासी हीरामनी (50), फूला (35), सुधा (7), खुशबू (17), श्रीपाल (40) और उसकी पत्नी सियादुलारी (38), तुलसा (55), शिवबरन (60), गीता (25) व श्याम यादव (70), सियादुलारी (60) पत्नी बराती कोरी व सुरौली (हमीरपुर) निवासी राजकमल (56) पुत्र रज्जन सिंह घायल हो गए।
चौराहे पर मौजूद दुकानदार व राहगीर मदद को दौड़ पड़े और घायलों को बाहर निकाला। 108 एंबुलेंस व निजी वाहनों से सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। हालत नाजुक होने पर राजकमल को कानपुर रेफर कर दिया गया। जिला पंचायत सदस्य दलपत सिंह ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना।