बस को ओवरटेक कर रहा सवारियों से भरा टेंपो गहरी खाईं में गिर गया। इस हादसे में टेंपो सवार छात्रा समेत नौ लोग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी लाया गया। तीन की हालत नाजुक देख सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
रविवार की दोपहर नरैनी से सवारियां लेकर टेंपो अतर्रा कस्बा आ रहा था। रास्ते में गर्गन पुरवा के पास प्राइवेट बस को ओवरटेक के प्रयास में चालक नियंत्रण खो बैठा। टेंपो सड़क के दूसरे किनारे पर गहरी खाईं में पलट गया। टेंपो में फंसे यात्रियों में चीख पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीणों ने दौड़कर यात्रियों को बाहर निकाला और थाना पुलिस को सूचना दी। इस हादसे में नौ लोग घायल हुए हैं। घायलों को सीएचसी लाया गया।
नरैनी से कोचिंग पढ़ने अतर्रा आ रही छात्रा काजल शुक्ला (17) पुत्री रमेश प्रसाद शुक्ला, रिश्तेदारी में गर्गनपुरवा से लौट रहे जमुनिया पुरवा (बदौसा) निवासी मलका यादव (40) पुत्र अधरवा और गर्गनपुरवा गांव निवासी किशोर रविशंकर (17) पुत्र रामनारायण उपाध्याय की हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। घटना के बाद चालक टेंपो छोड़कर भाग गया। टेंपो सवार यात्रियों के मुताबिक चालाक नौसिखिया था और नशे की हालत में वाहन चला रहा था।