फोटो- 11 भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते प्रभारी मंत्री नंद गोपाल नंदी। संवाद
बांदा। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव व बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव सनातन को अपमानित करने का काम कर रहे हैं। तुष्टीकरण की राजनीति कर वोट हासिल करना चाहते हैं लेकिन जनता सब जानती है। बिहार जीतने जा रहे हैं यूपी में प्रचंड बहुमत की सरकार बनेगी। यह बात प्रदेश के औद्योगिक विकास, निर्यात प्रोत्साहन व जिले के प्रभारी मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने कार्यालय में मीडिया से बातचीत में कहीं।
कहा कि केंद्र में 2014 में प्रचंड बहुमत से भाजपा की सरकार बनी। तब से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सबका साथ सबका विकास थीम पर लगातार कार्य कर रहे हैं। गांव-गांव में विकास हो रहा है। योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर तक के व्यक्ति को मिल रहा है। जनता सब जानती है वह किसी के बरगलाने या सनातन को अपमानित करने से वोट देने वाली नहीं है। सरदार पटेल के त्याग और दृढ़ संकल्प ने भारत को अखंड बनाया।
भाजपा सरदार पटेल की जयंती पर 31 अक्तूबर से छह दिसंबर बाबा साहब भीमराव आंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस तक तीन चरणों में कार्यक्रम आयोजित करेगी। पहले दिन 31 अक्तूबर को सभी बूथों पर संगोष्ठी के साथ जिलास्तर पर रन फार यूनिटी का आयोजन होगा। पहली से छह नवंबर तक लोकसभा, विधानसभा स्तरीय पदयात्रा निकाली जाएगी। जिसमें डिग्री कालेज, इंटर कालेज के छात्र-छात्राए शामिल होंगे।
विद्यालयों में चित्रकला, निबंध आदि प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएगी। कहा कि सरकार पटेल के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। कहा कि कांग्रेस ने उन्हें कभी सम्मान नहीं दिया। नेहरू व गांधी तक सीमित रहे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरदार वल्लभ भाई पटेल की विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा स्टेचू ऑफ यूनिटी का निर्माण संभव हुआ। इस दौरान प्रभारी मंत्री को राम मंदिर का छवि चित्र भेंट किया गया।