तहसील दिवसों में मंगलवार को 455 मामले आए। इनमें मौके पर सिर्फ 14 का निस्तारण किया गया। नरैनी में एक विधवा ने शिकायत की उसके साथ करीब 14 माह तक कई जगह रखकर गैंगरेप किया गया। कार्रवाई न होने पर आत्मदाह की चेतावनी दी है।
नरैनी प्रतिनिधि के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की विधवा ने तहसील दिवस में दिए शिकायती पत्र में बताया कि हमीरपुर के धुंधपुर का व्यक्ति 14 नवंबर 2013 को उसे शादी का झांसा देकर ले गया। कानपुर में कुछ दिनों रखने के बाद झंझरी पुरवा (जसपुरा, बांदा) में रखा। फिर वहां से हैदराबाद ले गया। कुछ दिनों बाद अपने गांव ले आया।
यहां करीब पांच माह उसे रखने के बाद कानाखेड़ा (पैलानी, बांदा) के एक व्यक्ति को 60 हजार रुपये में बेच दिया। विधवा के मुताबिक उसे खरीदने वाले ने उसे पटेल नगर (कानपुर) में करीब पांच माह रखा। इसी बीच मौका पाकर उसने मोबाइल फोन से पिता को सूचना दी।
पिता ने पटेल नगर पुलिस की मदद से पहली जनवरी को उसे मुक्त करा लिया। विधवा ने बताया कि छूटने के बाद उसने करतल चौकी, नरैनी कोतवाली, महिला थाना, पुलिस अधीक्षक और डीआईजी के यहां अर्जी दी। रजिस्टर्ड डाक से भी तहरीर भेजी पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। आरोपी उसे जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। उधर, नरैनी पुलिस उपाधीक्षक अरुण कुमार ने बताया कि कोतवाली प्रभारी केएन सिंह इस मामले की जांच कर रहे हैं।
उधर अतर्रा में जिलाधिकारी सुरेश कुमार की अध्यक्षता में हुए तहसील दिवस में 166 मामले आए। सबसे ज्यादा राजस्व की 38 शिकायते आईं। मौके पर सात का निस्तारण हुआ। एसपी राकेश शंकर, डीएफओ प्रमोद कुमार, सीएमओ आरके सिंह, डीडीओ श्रीकृष्ण त्रिपाठी, एसडीएम आरके श्रीवास्तव मौजूद रहे।
एसडीएम विनय कुमार पाठक की अध्यक्षता वाले बबेरू तहसील दिवस में 67 मामले आए। यहां एक भी शिकायत निस्तारित नहीं हुई। सदर तहसील दिवस में एसडीएम प्रह्लाद सिंह की अध्यक्षता में 90 शिकायतें आईं। मौके पर तीन का निस्तारण हुआ।
नरैनी तहसील दिवस में आए 82 मामलों में 2 का निस्तारण हुआ। पैलानी तहसील दिवस में एसडीएम मनोज कुमार सिंह की अध्यक्षता में 56 फरियादी आए। दो का मौके पर निस्तारण हुआ।