गिरवां (बांदा)। थाना क्षेत्र के एक गांव में दो भाइयों समेत तीन युवकों ने दो दिन पूर्व 13 वर्ष की एक किशोरी संग सामूहिक दुष्कर्म किया। लड़की की मां की तहरीर पर तीनों के खिलाफ दुष्कर्म और पाक्सो एक्ट की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। किशोरी का डाक्टरी परीक्षण कराया गया है।
घटना 18 अक्तूबर की शाम करीब सात बजे की है। किशोरी की मां की तहरीर पर थाने में तीनों आरोपी युवकों के खिलाफ रिपोर्ट सोमवार की देर रात साढ़े दस बजे लिखी गई है। किशोरी की मां ने पुलिस को बताया कि उसकी बेटी शौच से लौट रही थी, तभी रास्ते में गांव से करीब 50 कदम दूर पहले से घात लगाए बैठे दिनेश और उसका भाई बृजेश व अवधेश ने उसे पकड़ लिया और जबरदस्ती जंगल की ओर ले गए। तीनों ने वहां मुंह में कपड़ा ठूंसकर दुष्कर्म किया।
धमकी दी कि किसी को बताया तो उसके मां-बाप को जान से मार देंगे। घर पहुंची बेटी ने माता-पिता को पूरी बात बताई। मां ने थाने में अगले दिन सुबह सोमवार को तहरीर दी। पुलिस ने दिनेश व बृजेश और अवधेश के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली है। गिरवां थाना प्रभारी इंस्पेक्टर बलजीत सिंह ने बताया कि किशोरी को मेडिकल के लिए भेजकर आरोपियों की तलाश की जा रही है।