बांदा/चिल्ला। पड़ोसी जनपद चित्रकूट में सामूहिक दुष्कर्म से क्षुब्ध किशोरी द्वारा खुदकुशी करने के अगले ही दिन यहां चिल्ला थाना क्षेत्र के एक गांव में पड़ोसी रिश्तेदार से तंग आकर 17 वर्षीय किशोरी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
रिश्ते में फूफा लगने वाले के विरुद्ध आत्महत्या के लिए मजबूर करने की रिपोर्ट दर्ज की गई है। चर्चा है कि कुछ दिन पूर्व किशोरी के साथ हुई छेड़छाड़ में फूफा ने आरोपी की तरफदारी करते हुए सुलह कराकर मामला रफा-दफा करा दिया था। इसी बात पर किशोरी के परिजन उससे खफा हैं। आरोपी फूफा पर समझौते में पैसे लेने का भी आरोप है।
चिल्ला थाना क्षेत्र के एक गांव में बुधवार को सुबह घर के कमरे में सीलिंग फैन से बंधे दुपट्टे पर किशोरी का शव फंदे पर लटका मिला। सुबह मां ने शव देखा तो लोगों को सूचना दी। थाना प्रभारी रामआश्रय सिंह मौके पर पहुंचे और शव फंदे से उतराकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मृतका के बड़े भाई ने पड़ोस में रहने वाले व्यक्ति के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने की धारा 306 आईपीसी में रिपोर्ट दर्ज कराई है। सूत्रों के मुताबिक करीब एक हफ्ते पहले गांव के कुछ युवकों ने किशोरी से छेड़छाड़ की थी। किशोरी के परिजन थाने गए थे। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
किशोरी के फूफा के माध्यम से छेड़छाड़ करने वालों से समझौता करा दिया गया। उन्हें शंका थी कि फूफा ने आरोपियों से पैसा लेकर समझौता कराया है। यह भी चर्चा है कि छेड़छाड़ के बाद कुछ लोग किशोरी को ताने दे रहे थे।
उधर, थाना इंसपेक्टर रामाश्रय सिंह ने घटना के बारे में इतना कहकर पल्ला झाड़ लिया कि हर बात बताई नहीं जा सकती। तहरीर में दर्ज की गईं बातें बताने से दो टूक इनकार कर दिया।